ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी पर अमृतसर में सुरक्षा चाक-चौबंद, DGP ने अफसरों के साथ की हाईलेवल मीटिंग
अमृतसर में 6 जून को ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। ...और पढ़ें

ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी पर अमृतसर में सुरक्षा चाक-चौबंद (फाइल फोटो)
HighLights
अमृतसर में 6 जून बरसी पर सुरक्षा कड़ी
डीजीपी ने अधिकारियों संग सुरक्षा समीक्षा बैठक की
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, माहौल खराब करने वालों पर नजर
नवीन राजपूत,अमृतसर। आगामी छह जून को ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी को लेकर महानगर में पुलिस ने कड़े सुरक्षा बंदोबस्त कर दिए हैं। दो जून तक शहर में अतिरिक्त बल भी तैनात करने की संभावना है।
डीजीपी गौरव यादव की अगुआई में वेरका बाईपास के पास एक रिसोर्ट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शनिवार दोपहर बैठक की गई। इसमें पुलिस कमिश्नर (सीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर, डीआइजी संदीप गोयल सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
डीजीपी गौरव यादव ने हर साल मनाई जाने वाली ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी को लेकर शहर में अशांति फैलाने वाले संगठनों के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही आदेश दिया कि अगर कोई शहर का माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो उसे तुरंत हिरासत में लिया जाए। पता चला है कि दो जून तक शहर में अतिरिक्त बल भी भेज जिया जाएगा।
इसके लिए श्री हरिमंदिर साहिब के आसपास जहां पुलिस तैनात रहेगी, वहीं सिविल ड्रेस में भी पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे जो अधिकारियों को रिपोर्ट देंगे। इसके साथ ही पुलिस ने श्री दुर्ग्याणा मंदिर, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी है। आने-जाने वाले यात्रियों की चेकिंग की जा रही है। संगत, शहरवासियों और पर्यटकों को सुरक्षा को लेकर जागरूक भी किया जा रहा है। पुलिस कर्मियों की छुट्टी रद सुरक्षा के नजरिये से अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट के दर्जनभर पुलिस कर्मियों की छुट्टी रद कर दी गई है।
ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी को लेकर आसपास के जिलों से दो हजार से ज्यादा नफरी को बुलाया जा रहा है। इसके लिए अमृतसर देहात पुलिस, बटाला, गुरदासपुर, पठानकोट सहित तरनतारन से पुलिस फोर्स शहर में पहुंच सकती है।
गर्मख्यालियों पर रहेगी पैनी नजर शहर में गड़बड़ी पैदा करने वाले कुछ गर्मख्यालियों पर पुलिस की पैनी नजर है। जरूरत पड़ने पर उन्हें घरों में नजरबंद या गिरफ्तार भी किया जा सकता है। सभी थाना प्रभारियों और एसीपी को अलर्ट रहने के आदेश जारी किए गए हैं। इनमें से कोई भी स्टेशन नहीं छोड़ सकता। थाना प्रभारी तुरंत अपने एसीपी को जानकारी देंगे।