'सीएम मान के वीडियो से छेड़छाड़ में पंजाब के कुछ अफसर भी शामिल', पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया का बड़ा आरोप
पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने बताया कि सीएम भगवंत मान की वीडियो की फर्जी फॉरेंसिक रिपोर्ट बनाने वालों के खिलाफ गुरुग्राम में एफआईआर दर्ज हुई है। ...और पढ़ें

केंद्रीय एजेंसी व हरियाणा सरकार से जांच की लगाई गुहार (फोटो: जागरण)
जागरण संवाददाता, अमृतसर। पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने बताया कि सीएम भगवंत मान की वीडियो की फर्जी फारेंसिक रिपोर्ट तैयार करने वालों के खिलाफ हरियाणा के गुरुग्राम में एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में अरुण महेंद्रू और अंकित को नामजद किया है। मजीठिया ने बताया कि एफआइआर में पंजाब सरकार के कुछ अफसरों की मिलीभगत का भी जिक्र है।
मजीठिया ने कहा कि श्री अकालतख्त साहिब ने इस वीडियो के बाबत पहले ही जांच करवा ली थी। उस जांच को झूठा साबित करने के लिए सीएम भगवंत मान ने अपने अमले के साथ मिलकर उन रिपोर्टों को झूठा साबित करने के लिए फर्जी रिपोर्ट तैयार करवाई है, लेकिन गुरु साहिबान की कृपा से उनके चेहरे जल्द बेनकाब हो गए।
मजीठिया ने प्रेस कान्फ्रेंस में गुरुग्राम के बड़े होटल की सीसीटीवी फुटेज दिखाते हुए कुछ बड़े अफसरों के नाम भी बताए। मजीठिया ने कहा कि रिपोर्ट तैयार करने के लिए एक बड़ी रकम का भुगतान किया गया है, जोकि रिपोर्ट तैयार करने वालों को दी गई है। उन्होंने हरियाणा सरकार से मांग की है कि जो कोई इस षड़यंत्र में लिप्त हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए। मजीठिया ने केंद्रीय एजेंसियों से जांच की मांग की है।