विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कनाडा के गुरुद्वारे में सेवादारों पर हमला, अकाल तख्त के जत्थेदार ने की निंदा, 24 घंटे पहरेदारी के दिए आदेश

Published: Sat, 22 Aug 2026 01:20 PM (IST)

एडमिंटन गुरुद्वारा साहिब में हमले और दो सेवादारों के घायल होने पर जत्थेदार ने चिंता जताई। कनाडा के सभी गुरुघरों में 24 घंटे सुरक्षा सुनिश्चित करने की हिदायत दी।

कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के एडमिंटन स्थित नानकसर गुरुद्वारा साहिब।

कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के एडमिंटन स्थित नानकसर गुरुद्वारा साहिब।

HighLights

  1. एडमिंटन गुरुद्वारे में सेवादारों पर हमले की निंदा।

  2. अकाल तख्त जत्थेदार ने सुरक्षा बढ़ाने के आदेश दिए।

  3. कनाडा में सिख विरोधी नफरत पर चिंता व्यक्त।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के एडमिंटन स्थित नानकसर गुरुद्वारा साहिब में एक व्यक्ति के दाखिल होकर दो सेवादार सिखों को घायल करने की घटना की श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने घटना पर चिंता जताते हुए घायल दोनों सेवादारों के जल्द स्वस्थ होने और चढ़दी कला के लिए अरदास की।

गुरुद्वारा प्रबंधकों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी व्यक्ति श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की ओर भी बढ़ा था, लेकिन मौके पर मौजूद संगत और सेवादारों ने उसे रोक लिया। इसके चलते श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। आरोपी को एडमिंटन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जत्थेदार ने कनाडा की सिख संस्थाओं से मामले की गहराई से जांच करवाने की अपील की है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं किसी सिख विरोधी समूह या संस्था ने आरोपी को उकसाकर गुरुघर को निशाना बनाने के लिए प्रेरित तो नहीं किया था।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में 22 दिन बाद फिर धंसी सड़क, हादसे का खतरा बढ़ा; नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

धमकियों को लेकर भी की निंदा

उन्होंने कैलगरी के गुरुद्वारा साहिबान को हाल में मिली धमकियों को भी निंदनीय बताया और कैलगरी पुलिस से इसकी गंभीरता से जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की। 

गुरमत सिद्धांत के अनुसार गुरुद्वारा साहिब के दरवाजे हर इंसान के लिए खुले हैं और यहां रोजाना सरबत के भले की अरदास होती है। इसके बावजूद मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए गुरुद्वारा प्रबंधकों के लिए सुरक्षा और पहरेदारी के पुख्ता इंतजाम करना जरूरी है। कनाडा के सभी गुरुद्वारा प्रबंधकों को अपने-अपने गुरुघरों की सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा करने और 24 घंटे पहरेदारी सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई है।

यह भी पढ़ें- विदेश जाने के लिए 36 लाख गंवाने वाले बरनाला के प्रेमी जोड़े ने निगला जहर, युवती की मौत, युवक की हालत गंभीर

सिखों के प्रति फैलाई जा रही नफरत

जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने वर्ल्ड सिख आर्गनाइजेशन की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि कनाडा में सिखों के खिलाफ जमीनी स्तर के साथ-साथ आनलाइन सोशल मीडिया मंचों पर नफरत और भेदभाव में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसे गंभीर चिंता का विषय बताते हुए उन्होंने कनाडा की सभी सिख संस्थाओं और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों से आपसी विवादों को छोड़कर एकजुट होने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सिख समुदाय को विश्व स्तर पर सिखों के खिलाफ होने वाली गतिविधियों और चुनौतियों को गंभीरता से समझने की जरूरत है। सिख पहचान, इतिहास, परंपराओं और गुरमत सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार के लिए सभी संस्थाओं को मिलकर काम करना चाहिए।

यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस 2027 चुनाव के लिए बनाएगी जनता का घोषणापत्र, Gen-Z की पसंद और मुद्दों पर रहेगा खास फोकस