विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतपाल ने जेल में बंद दो साथियों को दिया टिकट, अजनाला से दलजीत कलसी और मोगा से बुक्कनवाला होंगे प्रत्याशी

Published: Wed, 12 Aug 2026 05:25 PM (IST)

अमृतपाल सिंह की पार्टी ने अजनाला और मोगा विधानसभा सीट से दो नए उम्मीदवार घोषित किए हैं। दोनों उम्मीदवार राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत जेल में बंद हैं।

गुरमीत सिंह बुक्कनवाला और दलजीत कलसी।

 गुरमीत सिंह बुक्कनवाला और दलजीत कलसी।

HighLights

  1. अमृतपाल की पार्टी ने दो जेल बंद नेताओं को टिकट दिया।

  2. दलजीत कलसी अजनाला, गुरमीत बुक्कनवाला मोगा से उम्मीदवार।

  3. दोनों उम्मीदवार राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत हिरासत में।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल वारिस पंजाब दे ने अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने बुधवार को दो और विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। दोनों ही सीटों के उम्मीदवार अमृतपाल सिंह के साथी हैं और जेल में बंद हैं।

अजनाला विधानसभा सीट से दलजीत सिंह कलसी और मोगा विधानसभा सीट से गुरमीत सिंह बुक्कनवाला को उम्मीदवार बनाया गया है। खास बात यह है कि दोनों उम्मीदवार फिलहाल जेल में बंद हैं। दलजीत सिंह कलसी और गुरमीत सिंह बुक्कनवाला को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत हिरासत में रखा गया है। 

यह भी पढ़ें- जालंधर में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, पिता व पत्नी का कत्ल कर आरोपी फरार; शव देख चीखे मासूम बच्चेे

amritpal father

उम्मीदवारों की जानकारी देते हुए अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह।

जेल में रहते हुए चुनाव मैदान में उतरेंगे

दोनों उम्मीदवारों के नाम की घोषणा अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने अमृतसर में की। पार्टी की ओर से कहा गया है कि जेल में बंद होने के बावजूद दोनों उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरेंगे। इस फैसले ने पंजाब की राजनीति में चर्चा बढ़ा दी है।

अमृतपाल सिंह भी इस समय डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। उन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव जेल में रहते हुए लड़ा था और जीत हासिल की थी। अब उनकी पार्टी की ओर से जेल में बंद दो नेताओं को विधानसभा चुनाव का टिकट दिए जाने को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इंदिरा गांधी के हत्यारे के बेटे को भी टिकट

इससे पहले अकाली दल वारिस पंजाब दे ने बस्सी पठाना विधानसभा सीट से सतवंत सिंह को उम्मीदवार घोषित किया था। सतवंत सिंह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए केहर सिंह के बेटे हैं।

पार्टी की ओर से लगातार उम्मीदवार घोषित किए जाने से 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पंजाब की राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। पार्टी जेल में बंद नेताओं और उनके समर्थकों को चुनावी मैदान में उतारकर अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने की रणनीति पर आगे बढ़ती दिखाई दे रही है।

यह भी पढ़ें- बठिंडा में 15 अगस्त को बम धमाकों की धमकी, निगम सहित जगहें अलर्ट पर; दिल्ली जाने वाली ट्रेन भी निशाने पर

गतिविधियों पर विरोधियों की नजर

अमृतपाल सिंह के जेल में रहते हुए पार्टी की चुनावी रणनीति पर अन्य राजनीतिक दलों की भी नजर है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल वारिस पंजाब दे कितनी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा। आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से और उम्मीदवारों की घोषणा होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- बटाला निगम कार्यालय में बम धमकी से हड़कंप, बैठक छोड़कर बाहर भागे अधिकारी; डॉग स्क्वायड ने खंगाला पूरा परिसर