Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    विदेशी तस्कर के इशारे पर चल रहा था हथियार नेटवर्क, अमृतसर पुलिस ने चार आरोपी दबोचे

    Updated: Sat, 27 Jun 2026 05:47 PM (IST)

    अमृतसर पुलिस ने सीमा पार हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 10 आधुनिक पिस्तौल, कारतूस और दो मोटरसाइकिल बर ...और पढ़ें

    पकड़े गए हथियारों की जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर।

    पकड़े गए हथियारों की जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर।

    HighLights

    1. अमृतसर पुलिस ने चार हथियार तस्करों को किया गिरफ्तार।

    2. विदेशी तस्कर के निर्देश पर चलता था यह नेटवर्क।

    3. 10 आधुनिक पिस्तौल और 9 जिंदा कारतूस बरामद।

    जागरण संवाददाता, अमृतसर। पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार हथियार तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 आधुनिक पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद किए हैं।

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक तस्कर के निर्देश पर काम कर रहे थे और सीमा पार से अवैध हथियारों की खेप लेकर उन्हें राज्य के आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे।

    पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि सिंह, शरणबीर सिंह उर्फ सन्नी, मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू और पिप्पल सिंह के रूप में हुई है। इनमें दो आरोपी अमृतसर जिले तथा दो फिरोजपुर जिले के सीमा से सटे गांवों के निवासी हैं।

    यह भी पढ़ें- गरीबों के लिए 10% आवास कोटा लागू कराने हाई कोर्ट पहुंचे सांसद धर्मवीर गांधी, EWS प्रावधानों को बिल्डर कर रहे नजर अंदाज

    हथियारों में विदेशी ग्लॉक पिस्टल भी शामिल

    बरामद हथियारों में तीन .30 बोर के चीन निर्मित पिस्तौल, एक नौ एमएम ग्लॉक पिस्तौल, एक अन्य नौ एमएम पिस्तौल, पांच .30 बोर पिस्तौल तथा नौ जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल भी जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल तस्करी गतिविधियों में किए जाने की आशंका है।

    पुलिस महानिदेशक ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी सीमा पार से हथियारों की खेप प्राप्त कर उन्हें आगे अपराधियों तक पहुंचाने का काम करते थे। इस पूरे नेटवर्क के पीछे विदेश में बैठे एक तस्कर की भूमिका सामने आई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और सप्लाई चेन की पूरी कड़ी का पता लगाने में जुटी है।

    खबरें और भी

    पूछताछ के बाद खुले राज

    पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी, जिसके आधार पर सबसे पहले रवि सिंह और शरणबीर सिंह उर्फ सन्नी को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से तीन पिस्तौल बरामद हुए। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर दो और पिस्तौल बरामद किए गए और जांच आगे बढ़ाई गई।

    इसके बाद पुलिस ने विदेश में बैठे तस्कर से जुड़े सुरागों के आधार पर मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू और पिप्पल सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से तीन पिस्तौल बरामद हुए। आगे की पूछताछ में इनसे दो और पिस्तौल बरामद किए गए, जिससे हथियारों की सप्लाई चेन में उनकी सक्रिय भूमिका की पुष्टि हुई।

    यह भी पढ़ें- नशा भेज युवाओं को कमजोर कर रहा पाकिसतान, पंजाब के राज्यपाल का बड़ा बयान; बोले-बड़े तस्करों को पकड़े पुलिस

    हत्या प्रयास के मामलों में भी शामिल हैं आरोपी

    जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी शरणबीर सिंह उर्फ सन्नी और रवि सिंह पहले से हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में वांछित चल रहे थे। पुलिस के अनुसार चारों आरोपी अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांवों के निवासी हैं, जिससे सीमा पार सक्रिय हथियार तस्करी नेटवर्क तक उनकी पहुंच होने की आशंका और मजबूत हुई है।

    पुलिस ने इस संबंध में अमृतसर के छेहर्टा और मकबूलपुरा थानों में शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क, विदेशी तस्कर और हथियारों की आपूर्ति से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच लगातार जारी है।

    यह भी पढ़ें- आशीष नेगी के जून 1984 पर बयान से तनाव, सिख समाज भड़का; SGPC सदस्य ने उत्तराखंड सरकार से की कार्रवाई की मांग