अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या, कई दिनों से मिल रही थी जान से मारने की धमकी
अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मधुसूदन उर्फ मेड संधू को गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पंजाब पुलिस ने मौत की पुष्टि की है।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या। फोटो जागरण
HighLights
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू को गोली मारकर हत्या।
अमृतसर में हुई घटना, संधू की मौत।
हमले से पहले जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। शहर में बेखौफ अपराधियों ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू पर दिनदहाड़े अंधाधुंध गोलियां चला दी। वारदात के दौरान संधू को दो गोलियां लगी है। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के अनुसार, मैड संधू पंजाब पुलिस के रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर के पुत्र हैं और उनका निवास अमृतसर देहाती पुलिस के अधिकार क्षेत्र में स्थित एक रिहायशी कॉलोनी में है।
कार लेने पहुंचे थे, तभी बदमाशों ने घेरा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मैड संधू ने अपनी कार सर्विस/वॉश के लिए दी हुई थी। इसके बाद दो युवतियां उन्हें कार वापस ले जाने के लिए वहां छोड़ने आई थीं। संधू जैसे ही पहुंचे, तभी एक बाइक पर दो युवक आए। एक युवक बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा, जबकि दूसरे ने बेहद करीब आकर संधू पर सीधे 4 से 5 राउंड गोलियां दाग दीं। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। करीब एक घंटे बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि मामले में पुलिस को अहम और ठोस सुराग हाथ लगे हैं। आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विवादों से रहा है पुराना नाता
मैड संधू का नाम पहले भी विवादों में आ चुका है। तीन माह पूर्व निहंग जत्थेदार मनप्रीत सिंह खालसा के साथ उनका विवाद हुआ था। निहंग पक्ष ने संधू के पहनावे और सोशल मीडिया सामग्री पर आपत्ति जताते हुए इसे पंजाब की संस्कृति के खिलाफ बताया था और चेतावनी दी थी।
इसके अलावा, पंजाबी गायक के. एस. माखन के साथ भी लाइव शो व पॉडकास्ट के दौरान उनकी जीवनशैली को लेकर तकरार हुई थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बयानबाजी का दौर चला था।
घटना से कुछ घंटे पहले शनिवार शाम करीब पांच बजे संधू ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर आखिरी रील साझा की थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं और रंजिश के कोणों से मामले की गहन जांच कर रही है।
