श्री हरिमंदिर साहिब जाने वाली चार प्रमुख सड़कों का बदलेगा स्वरूप, अगले सप्ताह शुरू होगा निर्माण कार्य
अमृतसर के केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में श्री हरिमंदिर साहिब जाने वाली चार प्रमुख सड़कों का निर्माण अगले सप्ताह शुरू होगा। विधायक डॉ अजय गुप्ता ने विका ...और पढ़ें

अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब।
HighLights
श्री हरिमंदिर साहिब की चार प्रमुख सड़कों का निर्माण अगले सप्ताह।
सड़कों को विरासती स्वरूप और आधुनिक सुविधाओं से किया जाएगा लैस।
विधायक अजय गुप्ता ने विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए निर्देश।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर में श्री हरिमंदिर साहिब की ओर जाने वाली चार प्रमुख रेडियल सड़कों के निर्माण कार्य को अगले सप्ताह से शुरू करने का फैसला लिया गया। इसे लेकर विधायक अजय गुप्ता ने केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर नगर निगम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान विधायक ने कहा कि इन सड़कों को विरासती स्वरूप देकर आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके। विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि प्रतिदिन लगभग एक लाख श्रद्धालु श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने के लिए इन मार्गों का उपयोग करते हैं।
ऐसे में इन सड़कों का सुंदर और व्यवस्थित होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान विरासत स्वरूप को ध्यान में रखते हुए विशेष डिजाइन और ढांचे पर काम किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बठिंडा नगर निगम चुनाव पर अकाली दल को सुप्रीम कोर्ट से झटका, वार्डबंदी चुनौती देने वाली याचिका खारिज
विकास कार्याें पर हुई चर्चा
बैठक में निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह गिल और नगर निगम अधिकारियों के साथ चल रहे तथा आगामी विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में चल रहे सभी कार्यों को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से कैरो मार्केट पार्किंग परिसर के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में पार्किंग की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पार्किंग परिसर बनने से लोगों को राहत मिलेगी और बाजार क्षेत्रों में जाम की समस्या भी कम होगी।
खबरें और भी
डॉ अजय गुप्ता ने बताया कि रंगला पंजाब परियोजना के तहत केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में करीब 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कार्यों के अनुमान तैयार कर जल्द निविदा प्रक्रिया पूरी की जाए। इसके अलावा राज्यों को पूंजी निवेश सहायता योजना के तहत लगभग 23 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को भी मंजूरी दी गई है।
यह भी पढ़ें- क्या राजनीति में कदम रखेंगे दिलजीत दोसांझ? सिंगर ने खुद दिया चौंकाने वाला जवाब
4 करोड़ के विकास कार्य अभी जारी
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के तहत बेहतर सीवरेज व्यवस्था, नियमित जलापूर्ति, नई सड़कों का निर्माण, बेहतर सड़क प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण और पार्कों के नवीनीकरण जैसे कार्य किए जाएंगे। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि लोगों को विकास कार्यों का लाभ जल्द मिलना चाहिए और किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने कहा कि केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र की सभी वार्डों में विकास कार्य लगातार जारी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि श्री हरिमंदिर साहिब जाने वाली चारों प्रमुख सड़कों का निर्माण कार्य आने वाले दिनों में तेजी से शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि करीब चार करोड़ रुपये के विकास कार्यों के कार्यादेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।