रक्षाबंधन पर महिलाओं की बल्ले-बल्ले, CM मान ने 1.37 लाख सत्कार सखियों के खातों में भेजे 52 करोड़; निभाई भाई की भूमिका
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रक्षाबंधन पर 1.37 लाख सत्कार सखियों के खातों में 52.20 करोड़ रुपये की सम्मान राशि हस्तांतरित की। यह राशि मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत दी गई।

महिलाओं के खाते में आए पैसे, मोबाइल में दिखातीं महिलाएं। फोटो जागरण
HighLights
रक्षाबंधन पर 1.37 लाख सत्कार सखियों को 52.20 करोड़ मिले।
मावां-धीयां सत्कार योजना से एक करोड़ महिलाओं को जोड़ना लक्ष्य।
प्रत्येक पंजीकरण पर सत्कार सखियों को 300 रुपये मिलेंगे।
जागरण संवाददाता, तरनतारन। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को 1.37 लाख सत्कार सखियों के खातों में 52.20 करोड़ की सम्मान राशि स्थानांतरित करके एक भाई की भूमिका निभाई।
श्री गोइंदवाल साहिब में आयोजित समारोह में हेलीकाप्टर में तकनीकी खराबी के चलते न पहुंच पाने पर वर्चुअल ढंग से राज्य भर की महिलाओं तक मावां-धीयां सत्कार योजना पहुंचाने में सत्कार सखियों के अथक योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्कार सखियों के समर्पित प्रयासों से ही योजना के तहत 75 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण संभव हो सका है। लाभार्थियों के बैंक खातों में सम्मान राशि पहुंचना सुनिश्चित हुआ है।
एक करोड़ महिलाओं को योजना से जोड़ने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 76.11 लाख महिलाएं पंजीकृत हो चुकी हैं, जिनमें से 68.06 लाख महिलाओं के खातों में 2,381 करोड़ पहले ही भेजे जा चुके हैं। सरकार ने एक करोड़ महिलाओं को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
प्रत्येक पंजीकरण पर सत्कार सखियों को 300 मिलेंगे, जिससे वह इस पहल के माध्यम से 200 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है, तब तक यह योजना बंद नहीं होगी।
इस दौरान खडूर साहिब के विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा ने सरकार की प्राप्तियां गिनाईं। उन्होंने कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरभजन सिंह ईटीओ, विधायक हरमीत सिंह संधू, नरेश कटारिया, सरवन सिंह धुन, अमनदीप कौर अरोड़ा, दलबीर सिंह टोंग को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर मान का संदेश
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा- राखी के पवित्र अवसर पर हमारी सरकार बहनों से किया वादा निभा रही है। आज मैंने गोइंदवाल साहिब में सत्कार सखी सम्मान कार्यक्रम में वर्चुअली भाग लिया। मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत 75 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में सम्मान राशि भेजी जा रही है।
उन सभी सत्कार सखियों का हार्दिक धन्यवाद, जिन्होंने जरूरतमंद परिवारों का फार्म भरने और पंजीकरण में मदद की। इस महान सेवा के लिए आपका नाम इतिहास में दर्ज होगा।
18 वर्ष से अधिक आयु की महिला लाभार्थियों को उनके मोबाइल पर मैसेज मिल रहे हैं। यह राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है व पंजाब की 97 फीसद महिलाओं को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके लिए बजट में 9,300 करोड़ का आवंटन किया गया है।
किसी और राज्य में ऐसी योजना नहीं : अरोड़ा
आप के प्रदेश अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 1.37 लाख सत्कार सखियों को 52.20 करोड़ रुपये ट्रांसफर करके एक भाई का फर्ज निभाया है। सत्कार सखियों को प्रत्येक पंजीकरण के बदले 300 मिलेंगे।
जबकि 100 रुपये प्रति पंजीकरण की दर से 51.20 करोड़ की पहली किस्त पहले ही जारी की जा चुकी है। अब तक पंजीकृत 76.11 लाख महिलाओं में से 68.06 लाख महिलाओं के खातों में 2,381 करोड़ की वित्तीय सहायता पहले ही भेजी जा चुकी है।
देश की यह इकलौती ऐसी योजना है, जो 18 वर्ष से अधिक आयु की प्रत्येक महिला को बिना किसी शर्त के मानदेय (वित्तीय सहायता) प्रदान करती है।
विश्वास का रिश्ता कायम हुआ : अरोड़ा
आप के महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष व मोगा की विधायक डा. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि जिन परिवारों में तीन हजार से 45 सौ तक की राशि पहले ही वितरित की जा चुकी है, वहां सत्कार सखियों व लाभार्थी महिलाओं के बीच विश्वास का रिश्ता कायम हुआ है।
मुझे उम्मीद है कि महिलाएं इस राशि का सही इस्तेमाल नए कपड़े खरीदने, दवाइयों या कर्ज चुकाने में करेंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि महिला विंग आम आदमी पार्टी के लिए जमीन पर काम करने वाली सबसे मजबूत ताकत बनकर उभरी है।
जिसके बदले 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में पार्टी की सत्ता में वापसी सुनिश्चित करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
