पंजाब के बरनाला में मरम्मत के दौरान भरभराकर गिरा मकान, मलबे में दबने से 3 मजदूरों की मौत; चौथे की तलाश जारी
पंजाब के बरनाला जिले के फरवाही गांव में रविवार सुबह एक मकान गिरने से दर्दनाक हादसा हुआ। सीवरेज के पानी से नींव कमजोर होने के कारण मरम्मत के दौरान यह म ...और पढ़ें
HighLights
फरवाही गांव में मकान गिरने से भीषण हादसा
तीन मजदूर युवकों की मलबे में दबकर मौत
सीवरेज के पानी से नींव कमजोर होने का कारण
हेमंत राजू, बरनाला। पंजाब के बरनाला जिले के गांव फरवाही में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब एक मकान अचानक गिरने से तीन मजदूर युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशाल पुत्र जीवन कुमार निवासी फरवाही का मकान सीवरेज का पानी नींव में जाने के कारण एक तरफ से कमजोर होकर बैठ गया था। इस मकान की मरम्मत का काम रणजीत ठेकेदार निवासी मोगा द्वारा किया जा रहा था और मकान को ऊपर उठाने का कार्य चल रहा था।

शनिवार रात चार युवक बॉबी सिंह, प्रिंस, गुरजीत सिंह और एक अज्ञात युवक (सभी निवासी मोगा) उसी मकान के अंदर सो रहे थे। रविवार सुबह अचानक मकान की एक दीवार झुक गई, जिससे पूरा ढांचा भरभराकर गिर पड़ा।

हादसे में तीन युवकों की मलबे के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों के शवों को सिविल अस्पताल बरनाला के शव ग्रह में रखवाया गया है। वहीं चौथे युवक की तलाश के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।