स्कूल में पार्टी, घर आकर गहरी नींद में सो गए बच्चे, बठिंडा में 5वीं के छात्र के बैग से मिले नशे के कैप्सूल
बठिंडा के एक सरकारी स्कूल में पांचवीं कक्षा के छात्र के बैग से कथित तौर पर नशीले कैप्सूल मिलने से हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस ने बाद में स्पष्ट किया ...और पढ़ें
-1785954052748_m.webp)
बठिंडा में 5वीं के छात्र के बैग से मिले नशे के कैप्सूल। फाइल फोटो
HighLights
बठिंडा के सरकारी स्कूल में छात्र के बैग से कैप्सूल मिले।
शुरुआत में नशीले होने का संदेह, गांव में सनसनी फैली।
पुलिस ने स्पष्ट किया, वे पिता की सामान्य दवाएं थीं।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। जिले के एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में सामने आई घटना ने हर अभिभावक को चिंता में डाल दिया है। जिस उम्र में बच्चे किताबों और खेल-कूद में व्यस्त होने चाहिए, उसी उम्र के एक पांचवीं कक्षा के छात्र के बैग से कथित तौर पर नशीले कैप्सूल मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
घटना के बाद स्कूल, अभिभावकों और ग्रामीणों में हड़कंप का माहौल है। गांव के सरपंच ने भी छात्र के बैग से नशीले कैप्सूल मिलने की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले स्कूल में बच्चों ने मिलकर एक छोटी-सी पार्टी की थी।
पार्टी में बच्चों ने कोल्ड ड्रिंक और अन्य खाद्य सामग्री का सेवन किया। घर लौटने के बाद कई बच्चे असामान्य रूप से गहरी नींद में सो गए। परिजनों ने बताया कि बच्चों को काफी देर तक उठाने की कोशिश की गई, लेकिन वे सामान्य रूप से नहीं जागे। इससे परिवारों की चिंता बढ़ गई।
स्कूल प्रशासन ने मामले पर रखी नजर
कई अभिभावक स्कूल पहुंचे और अध्यापकों से पूरे मामले की जानकारी सांझा की। बातचीत के दौरान आशंका जताई गई कि पार्टी में बच्चों को दी गई कोल्ड ड्रिंक में किसी प्रकार का नशीला पदार्थ मिलाया गया हो सकता है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन शिकायत को गंभीर मानते हुए स्कूल प्रशासन ने मामले पर नजर रखनी शुरू कर दी।
खबरें और भी
बुधवार को संबंधित छात्र का बैग जांचा गया। जांच के दौरान बैग से कथित तौर पर नशीले कैप्सूल बरामद हुए। इसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना गांव के जिम्मेदार लोगों और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई गई।
पूरे मामले की गहराई से होगी जांच
गांव के सरपंच गोगी चहल ने बताया कि छात्र के बैग से नशीले कैप्सूल मिलने की घटना सही है। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि उक्त छात्र का पिता नशे का आदी है और हो सकता है कि गलती से छात्र स्कूल में उनको लेकर आ गया हो। इस सबंध में स्कूल इंचार्ज से भी बात हुई है और उनको छात्र का स्कूल से नाम न काटने को कहा गया है।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की गहराई से जांच कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही स्कूलों के आसपास व गांव में नशा बेचने वालों पर विशेष अभियान चलाने की भी मांग की गई है।
नशीले कैप्सूल नहीं, बल्कि वैसे दवा थी- एसएचओ
हमें सूचना मिली थी तो हमने चैक किया। छात्र से बरामद होने वाले कैप्सूल नशीले नहीं थे बल्कि उनके पिता की दवाई थी। वह गलती से अपने साथ ले गया था।
- हरजोत सिंह, एसएचओ, थाना थर्मल