Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    एक्शन में बठिंडा पुलिस, एक दिन में पकड़े 141 अपराधी; 23 मोटरसाइकिल और 2 पिस्तौल सहित हेरोइन बरामद

    Updated: Fri, 10 Jul 2026 04:06 PM (IST)

    बठिंडा पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत नशा तस्करों, गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस कार्रवाई में 141 आरोपियों को हिरास ...और पढ़ें

    बठिंडा पुलिस का एक्शन, ऑपरेशन प्रहार में 141 आरोपी हिरासत में।

    बठिंडा पुलिस का एक्शन, ऑपरेशन प्रहार में 141 आरोपी हिरासत में।

    HighLights

    1. बठिंडा पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' में 141 आरोपी हिरासत में लिए

    2. अवैध हथियार, हेरोइन, ड्रग मनी और चोरी के वाहन बरामद हुए

    3. पांच उद्घोषित अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया गया

    जागरण संवाददाता, बठिंडा। नशा तस्करों, गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बठिंडा पुलिस ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न संवेदनशील और नशा प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया।

    ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने विभिन्न मामलों में वांछित 141 आरोपियों को हिरासत में लिया है। इस दौरान अवैध हथियार, हेरोइन, ड्रग मनी तथा चोरी के वाहन भी बरामद किए गए।

    एसएसपी ज्योति यादव ने बताया कि डीजीपी पंजाब और डीआईजी बठिंडा रेंज हरजीत सिंह के निर्देशों पर जिले में लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बठिंडा जिले में यह ‘ऑपरेशन प्रहार’ का 15वां चरण है, जिसका उद्देश्य गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित आरोपियों, भगोड़ों तथा कानून से बच रहे अपराधियों को गिरफ्तार करना है।

    एसएसपी के अनुसार बठिंडा जिले की सभी सात सब-डिवीजनों में पुलिस की 57 टीमों ने एक साथ छापेमारी की। अभियान के दौरान 141 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में कई चोरी के मामलों में शामिल हैं, जिनके कब्जे से 23 चोरी के मोटरसाइकिल बरामद किए गए हैं।

    पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो अवैध पिस्तौल भी बरामद किए हैं, जिनमें एक .32 बोर और एक .30 बोर का पिस्तौल शामिल है। नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में एक आरोपी के कब्जे से 43 ग्राम हेरोइन और 85 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। वहीं विभिन्न मामलों में कुल मिलाकर करीब 150 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है।

    एसएसपी ज्योति यादव ने बताया कि अभियान के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे पांच घोषित भगोड़ों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन अभी जारी है और गिरफ्तार आरोपियों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है।

    खबरें और भी

    उन्होंने बताया कि पुलिस को ‘सेफ पंजाब’ हेल्पलाइन और ‘एंटी गैंगस्टर टिपलाइन’ के माध्यम से मिली सूचनाओं के आधार पर भी कार्रवाई में सफलता मिली है। अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करना तथा जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।