वायरल वीडियो के बाद पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, 20 टीमों ने खंगाली बस्तियां
वायरल वीडियो के बाद बठिंडा पुलिस ने संगत मंडी में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। 20 टीमों ...और पढ़ें
-1788849599860_m.webp)
संदिग्धों से पूछताछ के बीच नशीले पदार्थ बरामद होने का दावा।
HighLights
वायरल वीडियो के बाद बठिंडा पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन
20 टीमों ने संगत मंडी की संदिग्ध बस्तियां खंगालीं
कुछ लोग हिरासत में, नशीले पदार्थ भी बरामद हुए
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पिज्जा की डिलीवरी के लिए 30 मिनट का इंतजार और हेरोइन की डिलीवरी महज दो मिनट में। इंटरनेट मीडिया पर वायरल इस दावे ने बठिंडा पुलिस को संगत मंडी में बड़े सर्च आपरेशन के लिए मजबूर कर दिया। संगत मंडी क्षेत्र में कथित तौर पर खुलेआम हेरोइन की बिक्री का वीडियो वायरल होने के करीब तीन दिन बाद मंगलवार सुबह पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया।
सुबह-सुबह 20 पुलिस टीमों ने करीब 220 जवानों के साथ संदिग्ध बस्तियों और नशे के लिहाज से संवेदनशील इलाकों को खंगाला। घर-घर तलाशी के साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। इस दौरान कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने और उनके पास से नशीले पदार्थ बरामद होने की सूचना भी सामने आई है।
यह कार्रवाई उस वायरल वीडियो के बाद हुई, जिसने संगत मंडी में नशे के कारोबार को लेकर पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी थी। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर हेरोइन की सरेआम बिक्री का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया था।
वीडियो के जरिये उन्होंने पुलिस के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान पर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि पिज्जा की डिलीवरी के लिए 30 मिनट का समय लगता है, लेकिन हेरोइन की डिलीवरी महज दो मिनट में हो रही है।

वीडियो वायरल होते ही दंपती पर केस, तीन ग्राम हेरोइन बरामद
वायरल वीडियो के बाद बठिंडा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक दंपती के खिलाफ नशा तस्करी का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब तीन ग्राम हेरोइन बरामद करने की बात कही थी।
हालांकि, इसके बाद शिअद कार्यकर्ताओं की ओर से दोबारा नशे की कथित खुलेआम बिक्री का वीडियो सामने आने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे थे। इसी के बाद मंगलवार को संगत मंडी में व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
गलियों से लेकर घरों तक पहुंची पुलिस की टीमें
सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने नशे के लिहाज से संवेदनशील माने जा रहे इलाकों और संदिग्ध बस्तियों को निशाने पर लिया। जवानों ने घरों की तलाशी लेने के साथ वहां रहने वाले लोगों से पूछताछ की।
संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की जानकारी जुटाई गई और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ हिरासत में लिए गए लोगों से नशीले पदार्थ मिलने की सूचना भी है।
हालांकि, पुलिस की ओर से बरामदगी की मात्रा और हिरासत में लिए गए लोगों के बारे में आधिकारिक विस्तृत जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।

वायरल वीडियो पर एसपी ने कहा- तुरंत लिया संज्ञान
एसपी हेडक्वार्टर जगदीश कुमार बिश्नोई ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में संगत मंडी क्षेत्र में नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी सामने आई थी।
पुलिस प्रशासन ने वीडियो का तुरंत संज्ञान लेते हुए मंगलवार को बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया। उन्होंने कहा कि नशे की तस्करी या इससे संबंधित गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नशे के खिलाफ अभियान किसी एक कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। संवेदनशील और संदिग्ध इलाकों में आगे भी सर्च ऑपरेशन जारी रखे जाएंगे और नशा तस्करों पर शिकंजा कसा जाएगा।
यह भी पढ़ें- पंजाब में BJP का चुनावी शंखनाद, PM मोदी, शाह और नितिन नवीन बढ़ाएंगे कार्यक्रम से सियासी हलचल
