बठिंडा में भ्रष्ट प्रत्याशियों को हराने का आह्वान, बुढलाडा चुनाव को लेकर नगर सुधार सभा ने मतदाताओं से की खास अपील
नगर सुधार सभा ने बुढलाडा नगर कौंसिल चुनाव में मतदाताओं से उम्मीदवारों की छवि और पिछले कार्यकाल का मूल्यांकन करने की अपील की है। ...और पढ़ें
-1779600366953_m.webp)
बठिंडा में भ्रष्ट प्रत्याशियों को हराने का आह्वान (फोटो: जागरण)
HighLights
नगर सुधार सभा की मतदाताओं से अपील।
उम्मीदवारों की छवि, कार्यकाल का मूल्यांकन करें।
ईमानदार, साफ-सुथरी छवि वाले चुनें।
संवाद सूत्र, बुढलाडा। नगर सुधार सभा की ओर से नगर कौंसिल चुनाव को लेकर शहरवासियों और मतदाताओं के नाम अपील जारी की गई। सभा के नेताओं ने लोगों से अपील की कि चुनाव में उम्मीदवारों की छवि और उनके पिछले कार्यकाल का मूल्यांकन जरूर करें।
नगर सुधार सभा की टीम ने शहर की अनाज मंडी, गोल चक्कर और नंबर वाला दरवाजा क्षेत्र में दुकानदारों व व्यापारियों के बीच जाकर जागरूकता पंपलेट वितरित किए। इस दौरान लोगों ने सभा की मुहिम को अच्छा समर्थन दिया।
सभा के वरिष्ठ नेता एडवोकेट स्वर्णजीत सिंह दलियो, प्रेम सिंह दौदड़ा और सतपाल सिंह कटौदिया ने कहा कि शहर के कई बुनियादी मुद्दे पिछले पांच वर्षों में भी हल नहीं हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में सफाई व्यवस्था बदहाल है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं।
कई इलाकों में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है तथा सीवरेज ओवरफ्लो होकर गलियों और सड़कों में फैल रहा है। नेताओं ने कहा कि नगर कौंसिल को पिछले वर्षों में करोड़ों रुपये की ग्रांट मिली, लेकिन विकास कार्यों की पारदर्शी जांच नहीं हुई। उन्होंने सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों, आवारा पशुओं की समस्या, ट्रैफिक अव्यवस्था, चोरी-लूट की घटनाओं और नशे के बढ़ते कारोबार पर भी चिंता जताई।
सभा नेताओं ने मतदाताओं से अपील की कि वे ईमानदार, साफ-सुथरी छवि और समाजसेवा करने वाले उम्मीदवारों को चुनें। उन्होंने दावा किया कि इस बार मतदाता भ्रष्ट और दागी छवि वाले उम्मीदवारों को चुनाव में करारी हार देंगे।