बठिंडा में किसान आंदोलन तेज, 13वें दिन भी जारी रहा पक्का मोर्चा; 28 मई को डीसी-एसएसपी दफ्तर घेरने की तैयारी
बठिंडा में किसानों का पक्का मोर्चा 13वें दिन भी जारी है, जिसमें सरकार पर मांगों को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया गया। ...और पढ़ें

बठिंडा में किसान आंदोलन तेज (फोटो: जागरण)
जागरण संवाददाता, बठिंडा। भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर की ओर से सहकारी खेतीबाड़ी विकास बैंक लिमिटेड के सामने चल रहा पक्का मोर्चा रविवार को 13वें दिन में प्रवेश कर गया।
किसानों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से लंबित मांगों के बावजूद सरकार और जिला प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। किसानों का कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, जिसके चलते संघर्ष लगातार जारी है।
जिला प्रधान बलदेव सिंह संदोहा और जिला महासचिव रेशम सिंह यात्री ने कहा कि इससे पहले भी प्रशासन के उच्च अधिकारियों ने किसानों की मांगों को लेकर भरोसा दिलाया था, लेकिन हर बार किसानों के साथ विश्वासघात हुआ।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की उदासीनता के कारण किसानों को कड़कती धूप में सड़कों पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। किसान नेताओं ने घोषणा की कि भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर की बठिंडा टीम द्वारा 28 मई को डीसी और एसएसपी कार्यालय के बाहर बड़ा रोष प्रदर्शन और धरना दिया जाएगा।
यह धरना अनिश्चितकालीन होगा और तब तक जारी रहेगा जब तक किसानों की मांगों को पूरा नहीं किया जाता। रेशम सिंह यात्री ने कहा कि किसान कई बार डीसी और एसएसपी कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन न तो मांगों को लेकर गंभीर रुख अपना रहा है और न ही बातचीत के लिए बैठक करने को तैयार है।
उन्होंने चेतावनी दी कि आंदोलन के दौरान यदि किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान होता है तो उसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और सरकार की होगी। इस अवसर पर गुरमेल सिंह लहरा, गुरदीप सिंह महिमा, कुलवंत सिंह, गोरा सिंह, गेजा सिंह, जगदेव सिंह, भोला सिंह, जुगराज सिंह, जगदीश सिंह, गुरबाज सिंह, सुखदेव सिंह, करमजीत सिंह, धनवीर सिंह और सुरजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।