Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बठिंडा में जनगणना-2027 का पहला चरण शुरू, 13 जून तक चलेगा मकानों का सूचीकरण

    Updated: Sun, 17 May 2026 12:01 PM (GMT+05:30)

    बठिंडा में जनगणना-2027 का पहला चरण शुरू हो गया है, जिसके तहत 13 जून 2026 तक मकानों की सूचीकरण और आवासीय जनगणना का कार्य चलेगा। ...और पढ़ें

    बठिंडा में जनगणना-2027 का पहला चरण शुरू (फोटो: जागरण)

    बठिंडा में जनगणना-2027 का पहला चरण शुरू (फोटो: जागरण)

    HighLights

    1. जनगणना-2027 का पहला चरण बठिंडा में शुरू।

    2. मकानों की सूचीकरण और आवासीय जनगणना जारी।

    3. 1900 से अधिक गणनाकर्मी तैनात, 33 सवाल पूछे जाएंगे।

    जागरण संवाददाता, बठिंडा। जनगणना-2027 के पहले चरण के तहत जिले में मकानों के सूचीकरण और आवासीय जनगणना का कार्य शुरू हो गया है। यह अभियान 13 जून 2026 तक चलाया जाएगा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नियुक्त गणनाकर्मियों ने घर-घर जाकर सर्वे का कार्य प्रारंभ कर दिया।

    डिप्टी कमिश्नर एवं मुख्य जनगणना अधिकारी राजेश धीमान (आईएएस) ने बताया कि जिले में निर्धारित क्षेत्रों में गणनाकर्मी लोगों के घरों तक पहुंचकर आवश्यक जानकारी एकत्र कर रहे हैं।

    उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने घर आने वाले गणनाकर्मियों को सही और पूरी जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि जनगणना का कार्य पारदर्शी और सफल तरीके से पूरा हो सके।

    उन्होंने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर सरकार विभिन्न योजनाएं और नीतियां तैयार करती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वह इसमें सहयोग करे।

    1900 से अधिक गणनाकर्मी तैनात

    जनगणना कार्य को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए जिले में 1900 से अधिक गणनाकर्मी और रिजर्व स्टाफ तैनात किए गए हैं। इनके अलावा 317 सुपरवाइजर भी नियुक्त किए गए हैं, जो पूरे कार्य की निगरानी करेंगे। प्रशासन की ओर से सभी कर्मचारियों को आवश्यक किट और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा चुका है।

    33 सवालों के जरिए जुटाई जाएगी जानकारी

    मकान सूचीकरण और हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (एचएलओ) के तहत लोगों से कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें भवन संख्या, मकान संख्या, मकान की फर्श की मुख्य सामग्री, परिवार में सामान्य रूप से रहने वाले व्यक्तियों की संख्या, मोबाइल नंबर तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित जानकारी शामिल होगी।

    प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एकत्र की जाने वाली सभी सूचनाएं गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल सरकारी रिकॉर्ड और नीतिगत योजनाओं के लिए किया जाएगा।

    पहचान पत्र के साथ पहुंच रहे कर्मचारी

    प्रशासन के अनुसार सभी गणनाकर्मी निर्धारित पहचान पत्र और अधिकृत दस्तावेजों के साथ ही लोगों के घर पहुंच रहे हैं। यदि किसी व्यक्ति को किसी प्रकार की शंका हो तो वह संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकता है। जनगणना अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सही आंकड़े ही विकास योजनाओं को सही दिशा देने में मददगार साबित होंगे।

    खबरें और भी