विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मानहानि केस में बठिंडा की अदालत में पेश हुईं कंगना रनौत, महिंदर कौर के पोते ने दी गवाही

Published: Mon, 31 Aug 2026 07:16 PM (IST)

कंगना रनौत बठिंडा मानहानि मामले की सुनवाई में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पेश हुईं, जहां शिकायतकर्ता महिंदर कौर के पोते गुरप्रीत सिंह की गवाही दर्ज की गई।

बठिंडा की अदालत में कंगना रनौत मानहानि केस की सुनवाई, वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पेश हुईं अभिनेत्री।

बठिंडा की अदालत में कंगना रनौत मानहानि केस की सुनवाई, वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पेश हुईं अभिनेत्री।

HighLights

  1. कंगना रनौत बठिंडा मानहानि केस में वीडियो कॉन्फ्रेंस से पेश

  2. शिकायतकर्ता महिंदर कौर के पोते गुरप्रीत सिंह की गवाही दर्ज

  3. अगली सुनवाई 15 सितंबर 2026 को निर्धारित की गई

जागरण संवाददाता, बठिंडा। बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत के खिलाफ बठिंडा की अदालत में चल रहे मानहानि केस की सुनवाई के दौरान सोमवार को कंगना रनौत वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अदालत में पेश हुईं। इस मामले में आज शिकायतकर्ता महिंदर कौर के पोते गुरप्रीत सिंह की गवाही दर्ज की गई।

महिंदर कौर के वकील रघबीर सिंह बहिणीवाल ने बताया कि आज की सुनवाई के दौरान उनकी ओर से महिंदर कौर के पोते गुरप्रीत सिंह को गवाह के तौर पर अदालत में पेश किया गया और उसकी गवाही दर्ज करवाई गई।

दूसरी ओर कंगना रनौत के वकील भी अदालत में मौजूद रहे और कंगना रनौत खुद वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अदालती कार्यवाही में शामिल हुईं।

वकील बहिणीवाल के मुताबिक, सुनवाई के दौरान कंगना रनौत की मौजूदगी में मामले से जुड़े कई पहलुओं पर अदालत में लंबी बहस हुई। उन्होंने बताया कि कंगना रनौत के वकील की ओर से दलील दी गई कि बीबी महिंदर कौर को पूरे पंजाब में सम्मान मिला है और विभिन्न राजनीतिक पार्टियों की ओर से उन्हें फंडिंग किए जाने की बात भी कही गई।

वकील रघबीर सिंह बहिणीवाल ने दावा किया कि कंगना रनौत के वकील की ओर से अदालत में यह दलील भी दी गई कि कंगना रनौत द्वारा किया गया ट्वीट बीबी महिंदर कौर के बारे में नहीं था, बल्कि बिलकिस बानो के संबंध में किया गया था। इस दलील पर शिकायतकर्ता पक्ष ने भी अदालत के समक्ष अपना पक्ष रखा।

यह मामला किसान आंदोलन के दौरान कंगना रनौत द्वारा बठिंडा की बुजुर्ग महिला महिंदर कौर के संबंध में की गई सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चल रहा है। शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि कंगना रनौत की पोस्ट के कारण महिंदर कौर की मानहानि हुई और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची। इसी आधार पर उनके खिलाफ मानहानि की कार्रवाई शुरू की गई थी।

आज की सुनवाई के बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 15 सितंबर 2026 की तारीख तय की है। अगली सुनवाई के दौरान मामले से जुड़ी गवाही और दलीलों की कार्रवाई आगे बढ़ने की उम्मीद है।