बठिंडा में 'ऑपरेशन प्रहार 2.0' का धमाका, 72 घंटे का महा-अभियान शुरू; 71 से ज्यादा आरोपी हिरासत में
बठिंडा पुलिस ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए 'ऑपरेशन प्रहार 2.0' शुरू किया है। इस 72 घंटे के अभियान में 71 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है ...और पढ़ें

बठिंडा पुलिस ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए 'ऑपरेशन प्रहार 2.0' शुरू किया है (फोटो: जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर सख्ती से अंकुश लगाने के उद्देश्य से बठिंडा पुलिस ने ‘आपरेशन प्रहार 2.0’ शुरू किया है। इस विशेष अभियान के तहत अब तक 71 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि कई वांछित और सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई पंजाब सरकार और डीजीपी गौरव यादव के स्पष्ट निर्देशों पर की जा रही है, ताकि जिले में अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ा जा सके। इस पूरे अभियान की निगरानी डीजीपी स्पेशल डा. जतिंदर जैन द्वारा की गई।
उन्होने बताया कि पिछले कई दिनों से जिले के विभिन्न हिस्सों में लगातार तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं और अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साफ शब्दों में कहा है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और बठिंडा को अपराध मुक्त बनाने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी चलाए जाएंगे।
एसएसपी ज्योति यादव बैंस ने बताया कि यह आपरेशन कुल 72 घंटे तक चलेगा। इसके तहत जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमें अपराध के हॉटस्पॉट, संवेदनशील इलाकों और उन क्षेत्रों में लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं, जहां गैंगस्टर, नशा तस्कर, चोर और अन्य वांछित अपराधी सक्रिय बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के अभियान में विशेष रूप से उन इलाकों को चिन्हित किया गया है, जहां चोरी, नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें अधिक सामने आती रही हैं।
एसएसपी बैंस के अनुसार ‘आपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत चलाए गए अभियान में कुल 14 लोगों को राउंड अप किया गया। वहीं 46 आरोपितों को विभिन्न मामलों में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 5 जघन्य अपराधों से जुड़े आरोपित, 8 नॉन-बेलेबल वारंट के तहत वांछित व्यक्ति, 4 उद्घोषित अपराधी, 3 नशा तस्कर, 5 दोहराए अपराधी और 14 पुराने एफआईआर मामलों में वांछित आरोपित शामिल हैं। इसके अलावा 11 लोगों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई, जबकि 14 व्यक्तियों का सत्यापन (वेरिफिकेशन) किया गया। इस दौरान किसी भी आरोपित का डोप टेस्ट लंबित नहीं है।
खबरें और भी
अभियान के दौरान पुलिस ने कार्रवाई में 12 ग्राम हेरोइन, 1100 नशीली गोलियां, 3.5 किलोग्राम पोस्त की भूसी और करीब 94 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। पुलिस ने 4 उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी बठिंडा पुलिस द्वारा तीन दिवसीय ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया गया था, जिसमें लगभग 250 अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की गई थी। ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ उसी का दूसरा चरण है, जिसे और अधिक प्रभावी तरीके से अंजाम दिया जा रहा है।