बठिंडा में BJP नेता डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर पेट्रोल बम हमला, जांच में जुटी NIA; शहजाद भट्टी ने ली जिम्मेदारी
एनआईए ने बठिंडा में भाजपा नेता डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच शुरू कर दी है। हमले के बाद उनकी पत्नी को गैंगस्टर शहजाद भट्टी ...और पढ़ें
-1782319143104_m.webp)
BJP नेता डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर पेट्रोल बम हमला। फोटो जागरण
HighLights
एनआईए ने डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक हमले की जांच की।
हमले के बाद गैंगस्टर शहजाद भट्टी का धमकी भरा फोन।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। भाजपा नेता, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन और प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) तक पहुंच गई है। बुधवार को एनआईए की टीम ने बठिंडा पहुंचकर करीब दो घंटे तक पूरे मामले की जांच की और डॉ. गर्ग से पूछताछ की।
इस बीच सामने आया है कि सोमवार देर रात दो युवकों ने क्लीनिक पर पेट्रोल बम फेंककर हमला किया था। घटना के करीब दो घंटे बाद डॉ. गर्ग की पत्नी को एक धमकी भरा फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर शहजाद भट्टी बताते हुए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:40 बजे दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मेला राम रोड स्थित क्लीनिक के बाहर पहुंचे और पेट्रोल बम फेंककर फरार हो गए। हमले में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन परिसर में खड़ी एक स्कूटी समेत कुछ सामान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके से एक और संदिग्ध पेट्रोल बम जैसी बोतल भी बरामद हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया गया। इसके बाद डीआईजी हरजीत सिंह, एसएसपी डॉ. ज्योति यादव समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और तकनीकी विशेषज्ञों को जांच में लगाया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर वारदात का वीडियो भी बना रहे थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
खबरें और भी
एनआईए ने जुटाए तकनीकी और भौतिक साक्ष्य
बुधवार को एनआईए की टीम ने बठिंडा पहुंचकर डॉ. तरसेम गर्ग से किसी तरह की पुरानी रंजिश, पहले मिली धमकियों और अन्य संभावित कारणों के बारे में जानकारी हासिल की। टीम ने पूरी घटना का ब्योरा लिया और सीसीटीवी फुटेज के अलावा अन्य तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य भी एकत्र किए।
धमकी भरे फोन से बढ़ा जांच का दायरा
डॉ. गर्ग ने बताया कि आधी रात के करीब उनकी पत्नी के मोबाइल फोन पर एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को शहजाद भट्टी बताया और धमकियां दीं। साथ ही उसने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया। इसकी जानकारी तत्काल पुलिस अधिकारियों को दे दी गई।
राजनीतिक एंगल पर भी चर्चा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
डॉ. तरसेम गर्ग लंबे समय तक आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे हैं। नगर निगम चुनाव के दौरान टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली थी, जबकि उनकी पत्नी ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इसके चलते घटना को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।