बठिंडा के निजी अकादमी में 17 साल के छात्र से बेरहमी से मारपीट, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने शुरू की जांच
भुच्चो मंडी की एक निजी अकादमी में 17 वर्षीय छात्र से मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। छात्र अस्पताल में भर्ती है और परिवार ने अकादमी संचालक पर सख्त कार् ...और पढ़ें
HighLights
भुच्चो मंडी अकादमी में 17 वर्षीय छात्र से मारपीट।
मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने जांच शुरू की।
पीड़ित छात्र ने अकादमी संचालक पर लगाए गंभीर आरोप।
जागरण संवाददाता, भुच्चो मंडी (बठिंडा)। भुच्चो मंडी स्थित एक निजी अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे 17 वर्षीय छात्र के साथ कथित तौर पर मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद छात्र को घायल अवस्था में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरे मामले का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें अकादमी संचालक द्वारा छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए साफ तौर पर देखा जा सकता है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित छात्र के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पीड़ित छात्र प्रभदीप सिंह ने अस्पताल में बताया कि वह फगवाड़ा का रहने वाला है और प्रशिक्षण के लिए भुच्चो मंडी स्थित एक निजी फिजिकल अकादमी में आया था। वह अकादमी के बाहर एक पीजी में रहकर पढ़ाई और ट्रेनिंग कर रहा था।
यह भी पढ़ें- अब जन्म से तीन साल तक हर बच्चे का बनेगा डिजिटल विकास रिपोर्ट कार्ड, पंजाब सरकार ने शुरू किया नया प्रोजेक्ट
बच्चे ने संचालक पर लगाए आरोप
छात्र का आरोप है कि कुछ समय पहले एक सहपाठी छात्रा के पैर में चोट लग गई थी। वह उसकी मदद करने के लिए उसके कमरे में गया था ताकि पट्टी बांध सके। इसी दौरान अकादमी संचालक अचानक वहां पहुंचा और बिना पूरी बात सुने ही उस पर गुस्सा हो गया। इसके बाद उसने डंडों और लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
छात्र ने यह भी आरोप लगाया कि अकादमी की ओर से नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे लाखों रुपये फीस ली गई थी। उसका कहना है कि वहां का माहौल ठीक नहीं है और पहले भी अन्य छात्रों के साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- बेअदबी मामलों की जांच में बदलेगी पुलिस की भाषा, हर दस्तावेज में दिखेगा सम्मान; जारी हुई 22 पवित्र शब्दों की सूची
कर्ज लेकर परिवार ने फीस करवाई थी जमा
घायल छात्र की मां ने बताया कि उन्होंने बेटे की पढ़ाई और ट्रेनिंग के लिए कर्ज लेकर फीस जमा कराई थी। उनका आरोप है कि घटना के बाद जब उन्होंने अकादमी संचालक से बात करने की कोशिश की, तो उसने संतोषजनक जवाब देने के बजाय धमकी दी। परिवार ने यह भी कहा कि अकादमी में भोजन और अन्य सुविधाएं भी ठीक नहीं हैं।
परिवार ने पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्र के साथ इस तरह की घटना न हो।
पुलिस ने पीड़ित के बयान किए दर्ज
दूसरी ओर, अकादमी संचालक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला, जिससे उसका पक्ष सामने नहीं आ सका। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। छात्र के बयान दर्ज किए जाएंगे और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।