बठिंडा में दो सड़क हादसों में दो की मौतें, वेटरनरी कॉलेज के तीन छात्रों सहित पांच गंभीर घायल
बठिंडा जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर घायल हुए। घायलों में पशु चिकित्सा महाविद्यालय के तीन छात्र शामिल हैं।

बठिंडा में हादसे में क्षतिग्रस्त ट्रक।
HighLights
बठिंडा में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत।
पांच लोग गंभीर रूप से घायल, जिनमें तीन छात्र भी शामिल।
पुलिस ने दोनों सड़क हादसों की जांच शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में रामपुरा फूल स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय में पढ़ने वाले तीन छात्र भी शामिल हैं। दोनों हादसों के बाद सामाजिक संस्थाओं के स्वयंसेवकों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बठिंडा-बरनाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामपुरा में खालसा मार्केट के पास कैंटर की घोड़ा-ट्राले से टक्कर हो गई। कैंटर चंडीगढ़ से बठिंडा की ओर आ रहा था। पेट्रोल पंप के पास हुई टक्कर में कैंटर में सवार हेल्पर हरविंदर सिंह (30) पुत्र हरमेल सिंह निवासी गांव महिमा सरकारी की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में दिनदहाड़े बैंक लुटने की कोशिश, BOI में घुसे 5 नकाबपोश बदमाश; कर्मचारियों की मुस्तैदी से खाली हाथ भागे
घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
हादसे में कैंटर चालक मनप्रीत सिंह (36) निवासी हरबंस नगर, बठिंडा और हेल्पर अर्शदीप सिंह (24) निवासी गांव सिवियां गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर सहारा समाज सेवा के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया।
यह भी पढ़ें- सचिन पायलट से मुलाकात के बाद चरणजीत चन्नी-सुखजिंदर रंधावा सक्रिय, राज्यपाल से मिले; उठाए पंजाब के अहम मुद्दे
बीबी वाला रोड पर कार कई बार पलटी, युवक ने तोड़ा दम
दूसरा हादसा देर रात बीबी वाला रोड पर हुआ। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर की सफारी से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्विफ्ट डिजायर कई पलटियां खाते हुए सड़क किनारे खड़ी एक्सयूवी-700 से जा टकराई।
हादसे में कार सवार अनमोल की मौत हो गई। वहीं कुंवर संग्राम सिंह (22), गगनदीप सिंह (21) और हरकरम सिंह (21) गंभीर घायल हो गए। तीनों फतेहगढ़ साहिब और गुरदासपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी रामपुरा फूल के पशु चिकित्सा महाविद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं।
पुलिस ने दोनों हादसों की जांच शुरू कर दी है। हादसों के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- गुरदासपुर में मथुरा-वृंदावन से लौट रही 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा' की बस पलटी, बड़ा हादसा टला
