बठिंडा देहाती में फिर सक्रिय हुईं रुपिंदर रूबी, 2027 के लिए कांग्रेस की मजबूत दावेदारी की अटकलें तेज
प्रो. रुपिंदर कौर रूबी ने बठिंडा देहाती में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं, जिससे 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़ने की अ ...और पढ़ें

बठिंडा देहाती में फिर सक्रिय हुईं रुपिंदर रूबी (फोटो: जागरण)
HighLights
प्रो. रूबी ने बठिंडा देहाती में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ाईं।
2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस टिकट पर लड़ने की चर्चा।
2017 में AAP से बठिंडा देहाती सीट जीती थी।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा देहाती विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक प्रो. रुपिंदर कौर रूबी ने एक बार फिर इलाके में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि प्रो. रूबी अब मलोट की बजाय बठिंडा देहाती सीट से कांग्रेस पार्टी की टिकट पर वर्ष 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं।
पिछले कुछ समय से वह लगातार गांवों का दौरा कर रही हैं और लोगों के बीच अपनी मौजूदगी मजबूत बना रही हैं। उनकी बढ़ती सक्रियता ने स्थानीय राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
प्रो. रूबी का बठिंडा देहाती विधानसभा क्षेत्र से पुराना और मजबूत राजनीतिक संबंध रहा है। वर्ष 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव में उन्होंने आम आदमी पार्टी की टिकट पर इस सीट से चुनाव लड़ा था और शानदार जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में उन्होंने 51 हजार 572 वोट हासिल किए थे।
किसको मिले थे कितने वोट?
वहीं शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार अमित रतन को 40 हजार 794 और कांग्रेस उम्मीदवार हरविंदर सिंह लाडी को 28 हजार 939 वोट मिले थे। उस समय उनकी जीत को बठिंडा देहाती की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा गया था।
विधायक बनने के बाद प्रो. रूबी आम आदमी पार्टी में सक्रिय रहीं, लेकिन बाद में पार्टी के साथ मतभेद बढ़ने के कारण उन्होंने अलग राह चुन ली। इसके बाद 8 नवंबर 2021 को वह कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गई थीं। कांग्रेस ने उस समय उनकी एंट्री को मालवा क्षेत्र में बड़ी राजनीतिक मजबूती के रूप में पेश किया था।
खबरें और भी
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें मलोट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। हालांकि उन्होंने चुनाव में पूरी ताकत झोंकी, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार बलजीत कौर ने उन्हें चुनाव में पराजित कर दिया था।
इसके बावजूद प्रो. रूबी राजनीतिक रूप से सक्रिय बनी रहीं और लोगों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखा। अब एक बार फिर उनका फोकस बठिंडा देहाती विधानसभा क्षेत्र पर दिखाई दे रहा है। हाल के महीनों में वह क्षेत्र के गांवों में सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में लगातार भाग ले रही हैं।
इससे यह संकेत मिल रहे हैं कि वह आने वाले विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र से अपनी राजनीतिक दावेदारी मजबूत करने में जुटी हुई हैं। बठिंडा देहाती क्षेत्र में प्रो. रूबी की पहले से अच्छी पकड़ और पहचान है, जिसका फायदा कांग्रेस पार्टी भविष्य में उठाना चाहती है।
वर्ष 2017 की जीत ने उन्हें इलाके में अलग पहचान दिलाई थी और आज भी कई गांवों में उनका प्रभाव माना जाता है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस पार्टी 2027 के चुनाव में उन्हें इसी सीट से मैदान में उतार सकती है।
कांग्रेस पार्टी राजनीतिक समीकरण तैयार करने में लगी
दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी भी मालवा क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए नए राजनीतिक समीकरण तैयार करने में लगी हुई है। ऐसे माहौल में प्रो. रूबी की बढ़ती सक्रियता ने स्थानीय कांग्रेस नेताओं और अन्य राजनीतिक दलों के बीच चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
हाल ही में प्रो. रुपिंदर कौर रूबी को पंजाब कांग्रेस के एससी विभाग की स्टेट एडवाइजरी काउंसिल का सदस्य भी नियुक्त किया गया है। इसे भी पार्टी में उनकी बढ़ती अहमियत के रूप में देखा जा रहा है। इस पूरे मामले पर प्रो. रूबी ने कहा कि बठिंडा देहाती उनका पुराना विधानसभा क्षेत्र है और वह हमेशा यहां के लोगों से जुड़ी रही हैं।
लोगों के सुख-दुख में शामिल होना वह अपना फर्ज समझती हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने का फैसला कांग्रेस हाईकमान को करना है और पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, वह उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगी।