बठिंडा में चोरों का कहर जारी, 10 दिन में 8 से अधिक वारदातें; पुलिस पर उठे गंभीर सवाल
बठिंडा में पिछले दस दिनों में चोरी की आठ से अधिक वारदातें हुई हैं, जिससे शहरवासियों में दहशत है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के बावजूद ठोस कार्रवाई करने में ...और पढ़ें
-1773569310459_m.webp)
बठिंडा में चोरों का आतंक, 10 दिन में 8 से ज्यादा वारदातें।
HighLights
बठिंडा में 10 दिन में आठ से अधिक चोरी की वारदातें
सीसीटीवी फुटेज के बावजूद पुलिस को नहीं मिली सफलता
शहरवासियों में दहशत, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
नितिन सिंगला, बठिंडा। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले करीब दस दिनों के भीतर चोर थाना कैनाल और कोतवाली क्षेत्र में आठ से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं में कई मामलों में सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बावजूद पुलिस अभी तक किसी भी मामले में ठोस सफलता हासिल नहीं कर पाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
वहीं लगातार बढ़ रही घटनाओं से शहरवासियों में दहशत और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोर बेखौफ होकर वारदातें कर रहे हैं और पुलिस की 24 घंटे गश्त के दावे भी खोखले साबित हो रहे हैं। खास बात यह है कि कई घटनाएं मुख्य सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में हुई हैं, जहां पुलिस की मौजूदगी अक्सर बताई जाती है।
पुराना थाना के पास दुकान से नकदी चोरी
पहली वारदात पुराना थाना के पास स्थित लक्ष्मी क्लाथ हाउस में हुई। रात करीब 1.42 बजे एक चोर दुकान के पास पहुंचा और उसने दुकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोर दुकान में रखी करीब नौ हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चोरी के बाद एक कुत्ता चोर के पीछे पड़ जाता है, लेकिन चोर उसे डराने के लिए तलवार निकाल लेता है और मौके से भाग जाता है।
दुकान संचालिका नीरू बाला ने बताया कि उन्हें सुबह करीब पांच बजे सामने स्थित करियाना दुकान के मालिक का फोन आया कि उनकी दुकान का शटर खुला हुआ है और लाइट जल रही है। जब वह मौके पर पहुंचीं तो चोरी की घटना का पता चला। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस को शिकायत दे दी गई है।
खबरें और भी
प्रताप नगर में क्लीनिक के ताले तोड़े, चोरी नाकाम
दूसरी घटना प्रताप नगर मेन रोड स्थित डा.जगदीश के क्लीनिक पर हुई। रात करीब डेढ़ बजे एक युवक क्लीनिक के बाहर पहुंचा और ताले तोड़ दिए। इसके बाद उसने शटर उठाने की कोशिश की, लेकिन शटर पर सेंटर लॉक लगा होने के कारण वह नहीं खुल पाया। चोरी की कोशिश नाकाम होने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। यह घटना भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मंदिर में पहले माथा टेका, फिर दानपेटी तोड़ी
तीसरी घटना कृष्णा कालोनी गली नंबर 1/1 में स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर में सामने आई। देर रात एक युवक मंदिर में दाखिल हुआ। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि युवक पहले मंदिर में प्रवेश कर भगवान के सामने माथा टेकता है और भगवान शिव को चंदन लगाता है।
इसके बाद मौका देखकर वह दानपेटी तोड़ देता है और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो जाता है। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिससे लोगों में काफी रोष है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों तक में चोरी होना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
घर से मोबाइल, नकदी और एलईडी चोरी
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला झुट्टिका निवासी कुलदीप सिंह के घर 7 मार्च की रात चोर घुस गया और दो मोबाइल फोन, करीब 10 हजार रुपये नकद तथा एक एलईडी टीवी चोरी कर ले गया। इसके अलावा पुराना थाना क्षेत्र की गुरमुख वाली गली में रहने वाली संतोष रानी के घर से चोर चांदी की पायल, चांदी के कड़े और करीब चार ग्राम सोने की बालियां चोरी कर ले गया।
लाल सिंह नगर में घर का ताला तोड़कर गहने उड़ाए
लाल सिंह नगर गली नंबर 24/12 में रहने वाले गगनदीप सिंह के घर हुई। गगनदीप सिंह एडीसी की कोठी में सुरक्षा कर्मी के रूप में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह ड्यूटी पर थे और उनका परिवार बरनाला गया हुआ था। सुबह जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है।
जांच करने पर पता चला कि चोर घर से करीब 15 तोले चांदी, आधा तोला सोने के गहने और एक गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार चोर छत पर लगे लोहे के जाल को उखाड़कर और सीढ़ी की मदद से घर के अंदर दाखिल हुए थे। सूचना मिलने पर कैनाल थाना पुलिस और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सुबह पता चला गैस सिलेंडर और मोबाइल गायब
सुर्खपीर रोड के खाल नंबर-2 के पास रहने वाले राज कुमार उर्फ काका के घर से भी चोरी की घटना सामने आई। उनके भाई साजन ने बताया कि घर की रसोई आंगन में बनी हुई है और दीवारें छोटी हैं। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जब वह चाय बनाने के लिए रसोई में गए तो गैस सिलेंडर गायब था। बाद में पता चला कि घर से दो मोबाइल फोन भी चोरी हो चुके हैं।
एसएसडी गर्ल्स कालेज के पास से मोटरसाइकिल चोरी
अमरीक सिंह रोड स्थित एसएसडी गर्ल्स कॉलेज के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में आशुतोष गर्ग निवासी गुरु गोबिंद नगर ने बताया कि वह अपने मोटरसाइकिल नंबर पीबी-11-सीएस-8661 एसएसडी गर्ल्स कालेज के बाहर खड़ा किया।
कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा तो उसका मोटरसाइकिल वहां से गायब था। आसपास तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।