पंजाब के बठिंडा में दर्दनाक हादसा, अमरनाथ यात्रा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी ट्रक से टकराई; चार की मौत
बठिंडा-डबवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के अमरनाथ यात्रियों से भरी मेटाडोर खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें 3 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और ...और पढ़ें
HighLights
बठिंडा में अमरनाथ यात्रियों से भरी मेटाडोर दुर्घटनाग्रस्त
हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत
कई घायल अस्पताल में भर्ती, कुछ की हालत गंभीर
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब के बठिंडा-डबवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक मेटाडोर सड़क हादसे का शिकार हो गई।
गांव जोधपुर रोमाणा के पास खड़े एक ट्रक (ट्राला) से मेटाडोर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मेटाडोर में करीब 12 श्रद्धालु सवार थे, जो राजस्थान के बाड़मेर से अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। बुधवार सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्री बुरी तरह फंस गए।
स्थानीय लोगों ने की मदद
हादसे की सूचना मिलते ही थाना संगत पुलिस और समाजसेवी संस्था सहारा जन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर बठिंडा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए एम्स बठिंडा रेफर किया गया है।
थाना संगत के एसएचओ जगदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मेटाडोर के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
खबरें और भी
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। मृतकों और घायलों की विस्तृत जानकारी आधिकारिक पुष्टि के बाद जारी की जाएगी।