विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में मतदाता सूची से कटे 3.5 लाख नाम, SIR प्रक्रिया पर भड़की कांग्रेस; 1.25 लाख लोगों को नोटिस भेज बुलाई बैठक

Published: Mon, 17 Aug 2026 06:32 PM (IST)

चंडीगढ़ कांग्रेस की बैठक में आगामी नगर निगम चुनावों की तैयारियों और मतदाता सूची में भारी कमी पर चिंता व्यक्त की गई।

एसआईआर में वोटों की भारी कमी पर कांग्रेस चिंतित, नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज।

एसआईआर में वोटों की भारी कमी पर कांग्रेस चिंतित, नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज।

HighLights

  1. मतदाता सूची में भारी कमी पर कांग्रेस ने चिंता जताई

  2. कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया में मतदाताओं की मदद करने के निर्देश

  3. नगर निगम चुनाव की तैयारियों पर जोर, भाजपा पर साधा निशाना

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को राजीव गांधी भवन, सेक्टर-35 में आयोजित की गई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की चंडीगढ़ प्रभारी रजनी पाटिल की मौजूदगी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की की अध्यक्षता में हुई बैठक में चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी भी विशेष रूप से शामिल हुए। बैठक में पांचों जिला कांग्रेस अध्यक्षों और सभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों ने भाग लिया।

बैठक में दिसंबर में प्रस्तावित नगर निगम चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के साथ चंडीगढ़ में चल रही एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया पर गंभीर चिंता जताई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एसआईआर और प्री-एसआईआर प्रक्रिया के बाद चंडीगढ़ में मतदाताओं की संख्या करीब 6.59 लाख से घटकर लगभग 3.02 लाख रह गई है।

करीब 1.25 लाख लोगों को विभिन्न प्रकार के नोटिस जारी किए गए हैं। कांग्रेस ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर मतदाताओं के नाम प्रभावित होना गंभीर विषय है। प्रक्रिया के दौरान यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न हो।

हर नोटिस का जवाब दिलवाने के निर्देश

बैठक में जिला और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्रों में बीएलए की मदद से बीएलओ के साथ लगातार संपर्क रखें और नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं।

कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाताओं की आपत्तियों, दस्तावेजों और अन्य समस्याओं के समाधान में मदद करेंगे तथा पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने का प्रयास करेंगे। इसके साथ ही नए पात्र मतदाताओं के वोट बनवाने का अभियान भी चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।

रजनी पाटिल बोलीं, चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुटें कार्यकर्ता

एआईसीसी की चंडीगढ़ प्रभारी रजनी पाटिल ने कार्यकर्ताओं से आगामी नगर निगम चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल है और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर पार्टी आगामी चुनाव में अधिक से अधिक सीटें जीतकर नगर निगम में अपना मेयर बनाएगी।

उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, मतदाता सूची की प्रक्रिया पर नजर रखने और आम लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया।

लक्की बोले, भाजपा के 10 में से 9 मेयर रहे, फिर भी हालत बदतर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि कांग्रेस और सांसद मनीष तिवारी लगातार चंडीगढ़ से जुड़े जनहित के मुद्दे उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, “भाजपा के पिछले 10 मेयरों में से 9 मेयर भाजपा के रहे हैं। इसके बावजूद आज चंडीगढ़ की सड़कों, पार्कों, पार्किंग व्यवस्था और बुनियादी नागरिक सुविधाओं की हालत बद से बदतर हो चुकी है। जनता भाजपा के कुशासन से परेशान है और अब बदलाव चाहती है।”

लक्की ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य सिर्फ चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि हर बूथ को मजबूत करना, हर पात्र मतदाता का वोट सुनिश्चित करना और जनता के मुद्दों को चुनाव के केंद्र में लाना है। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सहायता करेंगे।

मनीष तिवारी बोले, हर मतदाता की मदद प्राथमिकता

सांसद मनीष तिवारी ने जिला और ब्लॉक अध्यक्षों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर लोगों की मदद करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से एसआईआर के दौरान नोटिस प्राप्त करने वाले लोगों को जवाब देने, जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने और आपत्तियों के समाधान में सहायता करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नए पात्र मतदाताओं के वोट बनवाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है, ताकि कोई नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से बाहर न रहे। तिवारी ने कहा कि वह संसद में चंडीगढ़ से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी जनता से जुड़े मुद्दों को हर स्तर पर उठाना चाहिए।

एसआईआर सहायता कैंप लगाएगी कांग्रेस

कांग्रेस के संगठन महासचिव अच्छेलाल गौड़ ने कहा कि जिन क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ता एसआईआर सहायता कैंप लगवाना चाहते हैं, वे अपने नाम पार्टी को उपलब्ध करवाएं। ऐसे क्षेत्रों में सांसद मनीष तिवारी और कांग्रेस की ओर से सहायता कैंप लगाए जाएंगे। इनमें आम नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित आपत्तियों, नोटिस के जवाब और नए वोट बनवाने की प्रक्रिया में सहायता दी जाएगी।

बैठक में नगर निगम चुनाव की तैयारियों को बूथ स्तर तक तेज करने, संगठन को मजबूत करने और एसआईआर प्रक्रिया के दौरान आम जनता की सहायता के लिए व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। कांग्रेस ने कहा कि पात्र नागरिक को मताधिकार से वंचित न होने देना पार्टी की प्राथमिकता है।