विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 06, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सुनील जाखड़ पर AAP ने लगाया इल्जाम, कहा- अपने झूठ से पंजाब, पंजाबियत और राज्य के समृद्ध इतिहास का किया अपमान

Published: Sat, 06 Jan 2024 11:43 PM (IST)

कंग का कहना है कि पंजाब के इतिहास और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करने वाली हमारी झांकियों को केंद्र की भाजपा ...और पढ़ें

सुनील जाखड़ पर AAP ने लगाया इल्जाम, File Photo
सुनील जाखड़ पर AAP ने लगाया इल्जाम, File Photo

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। गणतंत्र दिवस के लिए भेजे गए पंजाब की झांकी में मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की तस्वीरें होने के बारे में झूठ बोलने पर आम आदमी पार्टी (आप) ने एक बार फिर भाजपा पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ पर हमला बोला है। पार्टी प्रवक्ता गोविंदर मित्तल, मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने सवाल करते हुए कहा कि सुनील जाखड़ को फालतू बातों के बारे में बात करने के बजाय यह बताना चाहिए कि उन्होंने भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की तस्वीरों के बारे में झूठ क्यों बोला?

जाखड़ ने पंजाबियत का किया अपमान- मलविंदर कंग

कंग ने कहा कि पंजाब के इतिहास और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करने वाली हमारी झांकियों को केंद्र की भाजपा सरकार ने खारिज कर दिया। ऐसे वक्त में पंजाब के लिए स्टैंड लेने के बजाय भाजपा के पंजाब अध्यक्ष ने राज्य सरकार को बदनाम करने के लिए झूठ फैलाने का रास्ता चुना। अपने झूठ के माध्यम से सुनील जाखड़ ने पंजाब, पंजाबी, पंजाबियत और पंजाब की समृद्ध संस्कृति व इतिहास का अपमान किया है।

जाखड़ मांगे माफी...

कंग ने कहा कि अब भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट कर दिया है कि 26 जनवरी की परेड के लिए पंजाब की झांकी का जो कॉन्सेप्ट केंद्र सरकार को भेजी गई थी, उसमें अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की तस्वीरें नहीं थीं। इसलिए अब सुनील जाखड़ को पंजाब के शहीदों और समृद्ध विरासत का अपमान करने के लिए पंजाब के लोगों से तुरंत माफी मांगनी चाहिए या अगर वह अपने बयान पर कायम हैं तो उन्हें तस्वीरों का सबूत देना चाहिए।

जाखड़ का झूठ पकड़ा गया

कंग ने कहा कि बीजेपी लगातार पंजाब के साथ भेदभाव कर रही है। इस बार उन्होंने हमारे शहीदों और उनके महान बलिदानों का अपमान किया है। लेकिन सुनील जाखड़ ने पंजाब के पक्ष में स्टैंड लेने के बजाय झूठ बोलना उचित समझा। अब उनका झूठ पकड़ा गया है, फिर भी वह पंजाब के लोगों से माफी नहीं मांग रहे हैं।

जाखड़ की सच्चाई सबके सामने आई

कंग ने कहा कि सुनील जाखड़ को तुरंत माफी मांगनी चाहिए क्योंकि उन्होंने जो किया वह एक अपराध है। उनका यह झूठ पंजाब और पंजाबियत के खिलाफ है। कांग ने दोहराया, कि जब तक वह माफी नहीं मांगते, हम इस मामले को नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब के इतिहास और शहीद नायकों के प्रति भाजपा और उसके नेताओं द्वारा किए गए अपमान को पंजाब के लोग कभी नहीं भूलेंगे। पंजाब का बेटा होने का दावा करने वाले जाखड़ की भी सच्चाई अब जनता के सामने आ गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।