विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब विधानसभा में AAP-कांग्रेस विधायकों में धक्का-मुक्की, विपक्ष के एकमात्र सदस्य की मौजूदगी में आठ प्रस्ताव पास

Published: Tue, 27 Oct 2026 11:50 PM (IST)

पंजाब विधानसभा सत्र के अंतिम दिन कांग्रेस और आप विधायकों व सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्कामुक्की हुई, जिसके बाद कांग्रेस सदन में नहीं पहुंची।

पंजाब विधानसभा में आठ प्रस्ताव पास। फोटो जागरण

पंजाब विधानसभा में आठ प्रस्ताव पास। फोटो जागरण

HighLights

  1. कांग्रेस-आप विधायकों और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्कामुक्की हुई।

  2. विपक्ष की अनुपस्थिति में आठ प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित।

  3. पानी की रॉयल्टी, करतारपुर कॉरिडोर प्रमुख प्रस्तावों में।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा सत्र के अंतिम दिन मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों की आम आदमी पार्टी (आप) विधायकों और सुरक्षाकर्मियों से धक्कामुक्की और बहस हुई। कांग्रेस नेता अपने विधायक सुखपाल सिंह खैहरा को भी सदन में ले जाना चाहते थे, जबकि सुरक्षाकर्मियों ने कहा कि स्पीकर ने खैहरा को सदन की कार्यवाही से निलंबित किया है।

कांग्रेस विधायक दल सदन में नहीं पहुंचा। विपक्ष की ओर से बसपा विधायक डा. नछत्तर पाल ही सदन में मौजूद रहे। उनकी मौजूदगी में पानी, करतारपुर साहिब कारिडोर और अन्य मुद्दों से जुड़े आठ प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इस दौरान मान ने कांग्रेस विधायकों पर पानी जैसे अहम विषय पर सदन से बाहर रहने का आरोप लगाया।

शामिल रहे ये प्रस्ताव

सिंचाई मंत्री बरिंदर गोयल ने पानी से जुड़े पांच प्रस्ताव पेश किए। इसमें राजस्थान से पंजाब को पानी की कीमत और रायल्टी दिलाने तथा भविष्य में नियमित भुगतान सुनिश्चित करने, पाकिस्तान की ओर जा रहे पानी को रोकने के लिए उझ बहुउद्देशीय परियोजना को प्राथमिकता से पूरा करने, यमुना के पानी पर केंद्र से पंजाब की शिकायत पर फैसला लेने और वाटर डिस्प्यूट ट्रिब्यूनल गठित करने, नहरी जल व्यवस्था, हेडवर्क्स के रखरखाव और नियंत्रण से जुड़े अधिकार पंजाब को मिलने और डैम सेफ्टी एक्ट और बांधों से जुड़े अधिकारों संबंधी प्रस्ताव शामिल रहे।

इसके अलावा करतारपुर साहिब कारिडोर श्रद्धालुओं के लिए दोबारा खोलने, मावां-धीयां सत्कार योजना, मुफ्त बिजली, सेहत योजना जैसी कल्याणकारी योजनाएं जारी रखने तथा बजट प्रविधान करने और पंजाब यूनिवर्सिटी सीनेट में पंजाब के विधायकों में से दो सदस्यों को नामित करने का अधिकार विधानसभा स्पीकर को देने संबंधी प्रस्ताव शामिल रहे।

पंजाब का 1.44 लाख करोड़ रुपये की रायल्टी का हक

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राजस्थान वर्ष 1960 तक पंजाब को रायल्टी देता था, लेकिन अब मुफ्त पानी लेकर अपने उद्योगों को बेच रहा है। पंजाब का 1.44 लाख करोड़ रुपये की रायल्टी का हक बनता है।

करतारपुर साहिब कारिडोर खोलने की मांग पर मान ने कहा कि कारिडोर पहले लंबे समय तक खुला रहा और उस दौरान कोई दिक्कत नहीं आई।

दोनों तरफ के लोग एक-दूसरे से मोहब्बत करते हैं और श्रद्धालु दर्शन के लिए अरदास करते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र से इस संबंध में संपर्क किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।