विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 20, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इटैलियन चश्मे के कारण नहीं दिख रही राहुल को अच्छाई : शाह

By Kamlesh BhattEdited By:
Updated: Sun, 20 Nov 2016 01:56 PM (IST)

बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह राहुल गांधी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि इटैलियन चश्मे के कारण उन्हें अच्छे दिन नहीं दिख रहे।

News Article Hero Image

जेएनएन, चंडीगढ़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने नोटबंदी मामले पर विपक्षी नेताओं पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की आंखों में इटैलियन चश्मा लगा है, इसलिए उन्हें कुछ अच्छाई नहीं दिख रही, इसीलिए वह बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैैं।

अमित शाह यहां सेक्टर-27 स्थित रामलीला ग्राउंड में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। शाह ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी जहां गरीब भी पीएम पद तक पहुंच सकता है, इसलिए हर कार्यकर्ता दिल से मेहनत करे।

शाह ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां भविष्य में अध्यक्ष कौन होगा इसका पता नहीं होता। यहां मेहनत के बल पर अध्यक्ष का चयन होता है, जबकि कांग्रेस में अभी से सभी बता सकते हैं कि उनका अगला अध्यक्ष कौन होगा। कांग्रेस में अगला अध्यक्ष निश्चित रूप से गांधी परिवार से ही होगा।

उन्होंने कहा कि राहुल पूछ रहे हैैं कि देश में मोदी सरकार से क्या पड़ा। इसके जवाब में शाह ने कहा कि राहुल बाबा भाजपा ने देश को बोलने वाला पीएम दिया है। आपने ऐसे व्यक्ति को पीएम बनाया था जिसकी आवाज आप और आपकी माता के अलावा किसी ने नहीं सुनी। मोदी ने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दी, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाली पिछली यूपीए सरकार में दस सालों तक घोटाले हुए। यहां तक कि यूपीए सरकार ने अंतरिक्ष में भी घोटाला किया। उनका इशारा इसरो घोटाले की तरफ था।\

कालेधन के मुद्दे पर शाह ने कहा कि मोदी के इस फैसले पर विरोधी दल हायतौबा मचा रहे हैैं। उन्हें लग रहा है कि उनका कालाधन अब कैसे सफेद होगा। उन्होंने कहा कि पहले विपक्षी कहते थे कि कालेधन पर कार्रवाई करो, जब की तो वे बौखला गए।

उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद देश के खिलाफ लड़ाई लडऩे वाले आतंकी, नक्सली, ड्रग माफिया टूट चुके हैैं। पिछले कुछ दिनों में देशविरोधी गतिविधियों में कमी आई है।

शाह ने कहा कि देश के अर्थतंत्र को कैंसर हो गया था उसकी सर्जरी मोदी ने की। इससे देश के गरीबों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल बाबा को उनके एडवाइजर ढंग से गाइड नहीं कर पा रहे। इसीलिए वह बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैैं।

शाह ने कहा, राहुल बाबा हमने कहा था अगर भाजपा की सरकार आने पर मोदी पीएम बनते हैैं तो देश की सीमाएं सुरक्षित रहेंगी। दस साल तक कांग्रेस की सरकार के दौरान सीमा पर सैनिकों का अपमान होता था। अब उनका सीना गर्व से चौड़ा होता है। राहुल बाबा कुछ नहीं देख रहे। उनकी आंख पर इटैलियन चश्मा लगा है। आज हमारी सेना गोली का जवाब गोले से देती है। सरकार हर 15 दिन में एक नई योजना लेकर आई। शाह ने दिसंबर में चंडीगढ़ में होने वाले निगम चुनाव के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को एकजुट होने को कहा। रैली को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, सांसद किरण खैर ने भी संबोधित किया।

रामलीला ग्राउंड के इर्द-गिर्द सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैैं। शाह के काफिले को गुजरने में दिक्कत न हो इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही आम लोगों के लिए ट्रैफिक रूट डाइवर्ट कर दिया था।

पढ़ें : करंसी का फंडा : 'काला धन' खपाने को तीन माह का वेतन एडवांस

काले झंडे लेकर पहुंचे कांग्रेसियों को पुलिस ने खदेड़ा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के विरोध में काले झंडे लेकर रोष प्रदर्शन के लिए निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सेक्टर 19 में रोकने और शांत करने के भरसक प्रयास किए। स्थिति के उग्र
होने की आशंकाओं के चलते पुलिस ने दोपहर 12 बजे के लगभग करीबन एक सौ से ज्यादा कार्यकर्ताओं हिरासत में ले लिया गया। प्रदर्शनकारियों को मनीमाजरा के थाने में रखा गया है। उन्हें जल्दी ही रिहा करने की बात कही गई है।