विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अदाणी पोर्ट से नशा फैलाने वाले अब पंजाब बर्बाद करने...', अमित शाह के ट्वीट पर केजरीवाल का पलटवार

Published: Fri, 16 Oct 2026 12:51 PM (GMT+05:30)

केजरीवाल ने अमित शाह के ट्वीट पर पलटवार करते हुए भाजपा पर पंजाब में नशा फैलाने और गैंगस्टरों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।

अरविंद केजरीवाल ने नशे के मुद्दे पर बीजेपी को घेरा।

अरविंद केजरीवाल ने नशे के मुद्दे पर बीजेपी को घेरा।

HighLights

  1. केजरीवाल ने अमित शाह के ट्वीट पर तीखा पलटवार किया

  2. भाजपा पर पंजाब में नशा फैलाने, गैंगस्टरों को संरक्षण का आरोप

  3. अदाणी पोर्ट के रास्ते नशा कारोबार का मुद्दा उठाया

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में नशे के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला है।

अमित शाह के इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर किए गए ट्वीट को रिट्वीट करते हुए केजरीवाल ने भाजपा पर पंजाब में नशा फैलाने, गैंगस्टरों को संरक्षण देने और शिरोमणि अकाली दल के साथ मिलकर प्रदेश को बर्बाद करने की कोशिश करने के आरोप लगाए।

केजरीवाल ने अपने संदेश में आरोप लगाया कि अदाणी पोर्ट के रास्ते पंजाब में नशा फैलाने वाले अब प्रदेश में फिर से नशे के कारोबार से अरबों रुपये कमाने के सपने देख रहे हैं।

भाजपा दे रही गैंगस्टरों को संरक्षण

उन्होंने भाजपा पर गैंगस्टरों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए साबरमती जेल का भी उल्लेख किया। केजरीवाल ने 2007 से 2017 के दौरान पंजाब में अकाली दल की सरकार के समय नशे के मुद्दे को उठाते हुए भाजपा और अकाली दल पर निशाना साधा।

केजरीवाल ने दावा किया कि आज सबसे ज्यादा नशा उन राज्यों में है, जहां कई वर्षों से भाजपा की सरकारें हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इन राज्यों में नशे का कारोबार रोकने के बजाय अब पंजाब को निशाना क्यों बनाया जा रहा है।

पंजाब के पानी, विश्वविद्यालय और चंडीगढ़ का भी उठाया मुद्दा

केजरीवाल ने अपने ट्वीट में पंजाब के पानी, पंजाब विश्वविद्यालय और चंडीगढ़ का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नजर पंजाब के इन महत्वपूर्ण संसाधनों और संस्थानों पर है। साथ ही उन्होंने तीन कृषि कानूनों को दोबारा लागू करने की आशंका जताते हुए कहा कि पंजाब ऐसा कभी नहीं होने देगा।

केजरीवाल के बयान से राजनीतिक टकराव हुआ तेज

केजरीवाल का यह बयान पंजाब में नशे के मुद्दे पर राजनीतिक टकराव को और तेज करने वाला है। उन्होंने अपने संदेश के जरिए भाजपा और अकाली दल को निशाने पर लेते हुए प्रदेश के हितों और संसाधनों की रक्षा का मुद्दा उठाया।

यह भी पढ़ें- पंजाब में नशे के खिलाफ मान सरकार का एक्शन, 20 करोड़ से ज्यादा की दवाएं जब्त, 520 केमिस्टों के लाइसेंस सस्पेंड