DIG भुल्लर रिश्वत प्रकरण! भ्रष्टाचार के खेल में पंजाब के कई अफसर शामिल, CBI ने प्राथमिकी दर्ज की
सीबीआई को निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में नए सबूत मिले हैं, जिससे पंजाब के कई अन्य अधिकारियों की संलिप्तता सामने आई है। ...और पढ़ें

निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर सीबीआई के शिकंजे में।
HighLights
सीबीआई को नए सबूत मिले।
अधिकारियों की संलिप्तता मिली।
सरकारी तंत्र तक पहुंच का उठाया फायदा।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब पुलिस के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में सीबीआई को कुछ नए और अहम सबूत मिले हैं। सीबीआई का दावा है कि भ्रष्टाचार के इस बड़े खेल में पंजाब के कई और अफसरों की भी भूमिका है। सीबीआई ने अब अज्ञात अफसरों के खिलाफ प्रिलिमनरी इन्क्वायर(प्राथमिकी) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच एजेंसी ने शुक्रवार को सीबीआई की विशेष अदालत में अर्जी दायर कर यह जानकारी दी। बताया कि जांच के दौरान पंजाब के कई अधिकारियों और निजी व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आई है। इसलिए अर्जी दाखिल कर मोबाइल फोन, मूल दस्तावेज और नकदी अपने कब्जे में लेने की अनुमति मांगी है।
सीबीआई के अनुसार, यह जांच पिछले वर्ष दर्ज भ्रष्टाचार केस से ही जुड़ी है। जांच के दौरान इलेक्ट्राॅनिक उपकरणों की फारेंसिंक जांच, व्हॉट्सएप चैट, पूछताछ और दस्तावेजों से कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क के सबूत मिले हैं। सीबीआई का दावा है कि आरोपित सरकारी तंत्र तक अपनी पहुंच का इस्तेमाल कर निजी लोगों को अवैध लाभ दिलाने के बदले रिश्वत लेते थे।
आठ लाख रुपये रिश्वत के आरोप में पकड़े गए थे भुल्लर
सीबीआई ने 16 अक्टूबर को बिचौलिए कृष्णु शारदा को गिरफ्तार किया था। वह भुल्लर के नाम पर मंडी गोबिंदगढ़ के एक व्यापारी से आठ लाख रुपये रिश्वत मांग रहा था। सीबीआई को जांच के दौरान भुल्लर की भूमिका का भी पता चला। इसके बाद उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।
खबरें और भी
सीबीआई ने जब भुल्लर के सेक्टर 40 स्थित घर में तलाशी ली थी तो वह वहां से साढ़े सात करोड़ रुपये कैश और ढाई किलो सोना मिला था। जिसके बाद उन पर आय से अधिक संपत्ति का भी केस दर्ज किया गया था।