विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ के कैदियों की मिठाइयों की भारी डिमांड, एक ही बार में बिक गई 10 क्विंटल; दुकान पर पहुंचे लोग लौटे खाली हाथ

Published: Fri, 06 Nov 2026 06:18 PM (IST)

चंडीगढ़ की बुड़ैल मॉडल जेल के कैदियों के हाथों से बनी मिठाई की दीवाली पर भारी मांग है। पंजाब लोक ...और पढ़ें

सेक्टर-22 स्थित सृजन शॉप से बिना मिठाई लिए लौट रहे लोग।

सेक्टर-22 स्थित सृजन शॉप से बिना मिठाई लिए लौट रहे लोग।

HighLights

  1. सेक्टर-22 स्थित सृजन शॉप पर स्टॉक खत्म।

  2. पंजाब लोक भवन ने दिया 10 क्विंटल का ऑर्डर।

  3. सरकारी विभागों के बड़े ऑर्डर से आम ग्राहक निराश।

बलवान करिवाल, चंडीगढ़। दीवाली पर चंडीगढ़ की बुड़ैल स्थित मॉडल जेल के कैदियों के हाथों से बनी मिठाई की भारी डिमांड है। ऑर्डर पर एक ही बार में 10-10 क्विंटल बिक रही है, जिससे आम लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

सेक्टर-22 स्थित सृजन शॉप पर दीवाली से पहले ही मिठाई का स्टॉक लगभग खत्म हो गया है। जेल में तैयार होने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता, शुद्धता और स्वाद के चलते हर साल त्योहारों पर इनकी काफी मांग रहती है।

इस बार पंजाब राजभवन, चंडीगढ़ पुलिस और अन्य सरकारी विभागों से बड़े पैमाने पर मिठाई के ऑर्डर मिले हैं। अकेले पंजाब लोक भवन की ओर से ही सृजन शॉप को 10 क्विंटल मिठाई का ऑर्डर दिया गया था।

इसके अलावा एक अन्य सरकारी विभाग की ओर से पौने दो क्विंटल मिठाई की मांग की गई। कई दूसरे सरकारी विभागों ने भी बड़ी मात्रा में मिठाई के ऑर्डर दिए। इन ऑर्डर की आपूर्ति करने में ही मिठाई का अधिकांश स्टॉक खत्म हो गया।

कैदियों बनाते हैं कई तरह की मिठाई

मॉडल जेल में बंद कैदी खुद मिठाइयां तैयार करते हैं। ताजा मिठाई बनाने के बाद इसे सेक्टर-22 स्थित सृजन शॉप तक पहुंचाया जाता है। यहां खोया बर्फी, मिल्क केक, बेसन बर्फी, बेसन लड्डू, बूंदी के लड्डू के साथ रसगुल्ले और गुलाब जामुन जैसी मिठाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं।

इन मिठाइयों की खासियत इनका ताजा होना और जेल में तैयार होने के कारण इनकी गुणवत्ता पर ग्राहकों का भरोसा है। सरकारी विभागों के बड़े ऑर्डर पूरे करने के चलते आम ग्राहकों के लिए मिठाई की उपलब्धता बेहद सीमित रह गई है। ऐसे में इस दीवाली कई परिवारों के घरों तक जेल में बनी मिठाई की मिठास नहीं पहुंच पाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।