विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ निगम सदन की बैठक शुरू होते ही हंगामा, AAP पार्षद योगेश ढींगरा के खिलाफ आया निंदा प्रस्ताव

Published: Tue, 22 Sep 2026 11:58 AM (IST)

चंडीगढ़ नगर निगम की बैठक हंगामे के साथ शुरू हुई। भाजपा पार्षद गुरबख्श रावत ने आप पार्षद योगेश ढींगरा के ...और पढ़ें

HighLights

  1. भाजपा पार्षद गुरबख्श रावत ने पेश किया निंदा प्रस्ताव।

  2. रावत के पति पर ठेकेदार से मारपीट का आरोप लगाया था।

  3. पार्षद ढींगरा बोले-शिकायत दे चुके, पुलिस करेगी कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। नगर निगम सदन की मंगलवार को बैठक शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया। भाजपा पार्षद गुरबख्श रावत आम आदमी पार्टी के पार्षद योगेश ढींगरा के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लेकर आई।

उन्होंने पूछा कि उनके पति पर किस-किस दिन मारपीट के आरोप लगे हैं। उन्होंने थप्पड़ पड़ने की बात को झूठा साबित किया। हंगामा तब और बढ़ गया जब योगेश ढींगरा को मेयर सौरव जोशी ने सदन से निलंबित कर दिया।

ढींगरा ने अपने आरोपों के समर्थन में पुलिस को दी गई शिकायत को सदन के समक्ष पेश किया। इस पर मेयर सौरव जोशी ने कहा कि यह कोई सबूत नहीं है। मेयर ने कहा कि यह शिकायत विजयपाल नाम के व्यक्ति की ओर से पुलिस के पास दी गई है।

केवल शिकायत को सबूत नहीं माना जा सकता। योगेश ढींगरा अपनी बात पर कायम रहे और पुलिस शिकायत को ही आरोपों के आधार के तौर पर पेश करते रहे। इससे मेयर संतुष्ट नहीं हुए।

मेयर ने पहले म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन एक्ट की धारा 61 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी और इसके बाद धारा 62 के तहत भी चेतावनी दी। इस दौरान भाजपा पार्षदों ने योगेश ढींगरा के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए उन्हें सदन से निलंबित करने की मांग कर दी।

इसके बाद मेयर ने सदन में वोटिंग करवाई। मेयर ने पार्षदों से हाथ उठाकर पूछा कि कौन योगेश ढींगरा को सदन से निलंबित करने के पक्ष में है। इस पर 13 पार्षदों ने निलंबन के पक्ष में हाथ उठाए।

इसके बाद मेयर ने निलंबन के विरोध में वोट देने वाले पार्षदों से हाथ उठाने को कहा। इस पर आम आदमी पार्टी के केवल दो पार्षदों ने हाथ उठाया। इसके बाद मेयर सौरव जोशी ने योगेश ढींगरा को सदन से निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद सदन में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया।

यह भी पढ़ें- क्या चंडीगढ़ में पार्किंग होंगी फ्री? निगम बैठक में मुद्दा उठाएगी AAP; प्रशासन की मंजूरी के लिए बनाएगी दबाव

यह है हंगामे की वजह

आम आदमी पार्टी के पार्षद एवं प्रवक्ता योगेश ढींगरा ने भाजपा पार्षद गुरबख्श रावत के पति के साथ हाथापाई की घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि पार्षद गुरबख्श रावत के पति को एक ठेकेदार ने दिनदहाड़े थप्पड़ मारा।

ढींगरा के अनुसार, विवाद के पीछे 25 लाख रुपये लेकर डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड में प्रस्तावित प्लांट से संबंधित टेबल एजेंडा पास कराने का आरोप है। उन्होंने दावा किया था कि इसी रकम को लेकर विवाद हुआ और ठेकेदार ने पार्षद के पति के साथ हाथापाई की।

ढींगरा ने कहा था कि यदि निर्वाचित प्रतिनिधियों और उनके परिवार के सदस्यों से जुड़े मामलों में इस तरह के विवाद सामने आते हैं तो यह नगर निगम की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।