विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में तय वेंडिंग साइट पर ही बैठेंगे स्ट्रीट वेंडर्स, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर आज से दो दिन चलेगा अभियान

Published: Fri, 21 Aug 2026 07:05 AM (IST)

चंडीगढ़ नगर निगम आज और कल शहर में स्ट्रीट वेंडर्स को आवंटित वेंडिंग साइट्स पर शिफ्ट करेगा। यह अभियान सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है।

नगर निगम  जोनवार अभियान चलाकर स्ट्रीट वेंडर्स को निर्धारित वेंडिंग साइट्स पर शिफ्ट करेगा।

नगर निगम जोनवार अभियान चलाकर स्ट्रीट वेंडर्स को निर्धारित वेंडिंग साइट्स पर शिफ्ट करेगा।

HighLights

  1. आज और कल शहर में वेंडरों की होगी शिफ्टिंग।

  2. ड्राॅ में जगह पाने वालों को निर्धारित साइट्स पर भेजेंगे।

  3. पुरानी जगह कारोबार करने पर निगम करेगा कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। नगर निगम 21 और 22 अगस्त को शहर में जोनवार अभियान चलाकर उन स्ट्रीट वेंडर्स को निर्धारित वेंडिंग साइट्स पर शिफ्ट करेगा, जिन्हें ड्राॅ की प्रक्रिया के तहत पहले ही जगह आवंटित की जा चुकी है।

निगम कमिश्नर अमित कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के सिविल अपील नंबर 4400 आफ 2026, मलकीत सिंह एवं अन्य बनाम यूटी चंडीगढ़ एवं अन्य मामले में दिए निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है।

अभियान निगम के एंफोर्समेंट, रोड्स और मेडिकल ऑफिसर ऑफ हेल्थ विंग की संयुक्त टीमें मिलकर पांच जोन में चलाएंगी। इसके लिए वाहन, मशीनरी और पर्याप्त मैनपावर की व्यवस्था की गई है। संबंधित वेंडर्स को उनकी आवंटित वेंडिंग साइट की जानकारी पहले ही दी जा चुकी है।

निगम के अनुसार जो वेंडर साइट आवंटित होने के बावजूद पुरानी जगह या किसी अन्य अनधिकृत स्थान पर कारोबार करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान शिफ्ट किए गए वेंडर्स, अनधिकृत स्थानों पर कारोबार करने वालों और हटाए गए अतिक्रमण का रिकार्ड तैयार किया जाएगा। अभियान पूरा होने के बाद अनुपालन रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी।

पांच जोन में चलेगा अभियान

जोन-1: सेक्टर-1 से 20, खुड्डा अलीशेर, कैंबवाला, खुड्डा लाहौरा, खुड्डा जस्सू, सारंगपुर और धनास।
जोन-2: सेक्टर-21 से 38, सेक्टर 38 वेस्ट, बापूधाम, ट्रांसपोर्ट एरिया और डड्डूमाजरा।
जोन-3: सेक्टर-39 से 56, सेक्टर 61 से 64, बुड़ैल, बड़हेड़ी, अटावा, पलसोरा, मलोया, बुरैल, कजेहड़ी और फैदां।
जोन-4: सेक्टर-13, मनीमाजरा, आइटी पार्क, किशनगढ़, भगवानपुरा, शास्त्री नगर और मौलीजागरां।
जोन-5: इंडस्ट्रियल फेज-1 व 2, रामदरबार, हल्लोमाजरा, रायपुर कलां, रायपुर खुर्द, बहलाना, दड़वा और मक्खनमाजरा।