विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में वकील के नाबालिग बेटे ने कार से मारी टक्कर, बाइक टैक्सी ड्राइवर की मौत; यात्री महिला की हालत गंभीर

Published: Fri, 06 Nov 2026 07:02 PM (IST)

चंडीगढ़ में एक नाबालिग वकील के बेटे की कार ने बाइक टैक्सी ड्राइवर को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत ...और पढ़ें

सेक्टर-20/30 के गोलचक्कर पर हुआ हादसा। (सांकेतिक फोटो)

सेक्टर-20/30 के गोलचक्कर पर हुआ हादसा। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. 12वीं में पढ़ता है हादसा करने वाला नाबालिग।

  2. बाइक टैक्सी ड्राइवर परिवार का इकलौता बेटा था।

  3. महिला यात्री पूजा का पीजीआई में चल रहा इलाज।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में दीवाली से पहले एक दुखदायी घटना सामने आई है, जिसमें जिला अदालत की वकील के नाबालिग बेटे 12वीं के छात्र ने स्कोडा आक्टेविया कार से बाइक टैक्सी ड्राइवर और पीछे बैठी महिला को टक्कर मारी। हादसे में बाइक टैक्सी ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि यात्री पूजा का पीजीआई में इलाज चल रहा है। उनकी हालत भी नाजुक है।

जान गंवाने वाला बाइक टैक्सी ड्राइवर गुरमिंदर सिंह परिवार का इकलौता बेटा था। वह पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। गुरमिंदर मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर का रहने वाला था और पंचकूला में किराये के मकान में रहता था।

वह बाइक टैक्सी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। सुबह वह सेक्टर-45 के बुड़ैल से पूजा को लेकर सेक्टर-19 जा रहा था। सेक्टर-20/30 के गोलचक्कर पर स्कोडा आक्टेविया ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों ने 112 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीसीआर टीम दोनों को जीएमसीएच-32 ले गई, जहां डॉक्टरों ने गुरमिंदर को मृत घोषित कर दिया। पूजा की गंभीर हालत के चलते उसे पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस ने छात्र को पकड़कर केस दर्ज किया और बाद में जमानत पर छोड़ दिया।

अभिभावक की जवाबदेही का प्रविधान भी लगाया

सेक्टर-19 थाना पुलिस ने मामले में मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199ए भी लगाई है। यह धारा नाबालिग द्वारा वाहन चलाने से जुड़े अपराधों और निर्धारित परिस्थितियों में वाहन मालिक या अभिभावक की जवाबदेही से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।