व्हाट्सएप पर एमडी बनकर 1.90 करोड़ की ठगी, चंडीगढ़ पुलिस ने नोएडा से दबोचे दो साइबर ठग
साइबर ठगों ने व्हाट्सएप पर कंपनी के एमडी बनकर अकाउंट्स अधिकारी से 1.90 करोड़ रुपये ठग लिए। चंडीगढ़ पुलिस ने नोएडा से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

एमडी की फोटो को व्हाट्सएप प्रोफाइल पर लगाकर कर्मचारी को मैसेज भेजा।
HighLights
मीटिंग में हूं, तुरंत पैसे ट्रांसफर करो...।
मैसेज पर कंपनी के कर्मचारी ने भेजे रुपये।
फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल कर ठगी की।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। साइबर ठगों ने एक कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) की पहचान बनाकर कंपनी के अकाउंट्स अधिकारी से 1.90 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए। पुलिस ने नोएडा में छापेमारी कर दो आरोपितों दिनेश भारती और कुलदीप को गिरफ्तार किया है।
दिनेश के पास से दो मोबाइल फोन और कुलदीप के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। जांच में पता चला कि दिनेश ने बैंक खाते में अपना नाम अरविंद चौधरी और कुलदीप ने बंटू सिंह के नाम से खाता खोला था।
ठगों ने एमडी की फोटो को व्हाट्सएप प्रोफाइल पर लगाकर कर्मचारी को मैसेज भेजा कि वह जरूरी मीटिंग में व्यस्त हैं और तुरंत पैसे ट्रांसफर करने की आवश्यकता है। कर्मचारी ने मैसेज को सही समझकर कंपनी के खाते से 1.90 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए।
जब ठगों ने फिर से पैसे मांगने का दबाव बनाया, तो कर्मचारी ने सीधे एमडी से संपर्क किया। एमडी ने किसी भी प्रकार का मैसेज भेजने से इनकार किया, जिससे ठगी का खुलासा हुआ।
जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम नोएडा स्थित बीटीओ स्टेपमाइल रियलिटी प्राइवेट लिमिटेड के करंट अकाउंट में ट्रांसफर की गई थी। आरोपितों ने फर्जी नाम और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बैंक खाता खोला था। आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
