10 सितंबर से बढ़ेगी यात्रियों की परेशानी, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 36 दिन का ब्लॉक, रद रहेंगी 12 ट्रेनें
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर अपग्रेडेशन कार्य के चलते 10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक 36 दिनों का पावर और ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा।

चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 36 दिन का ब्लॉक, 12 ट्रेनें रद।
HighLights
चंडीगढ़ स्टेशन पर 36 दिनों का अपग्रेडेशन कार्य चलेगा।
10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक रहेगा ट्रैफिक ब्लॉक।
कुल 12 ट्रेनें रद, 442 फेरे प्रभावित होंगे।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों के लिए अगले 36 दिन मुश्किल भरे रहने वाले हैं। स्टेशन के अपग्रेडेशन कार्य के लिए रेलवे ने 10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक पावर और ट्रैफिक ब्लॉक को मंजूरी दी है।
इसके चलते अलग-अलग चरणों में कुल 12 ट्रेनों को पूरी तरह रद किया गया है। इन ट्रेनों के कुल 442 फेरे प्रभावित होंगे। इसके अलावा कई ट्रेनों को शार्ट टर्म किया गया है और कई ट्रेनों के रूट बदले गए हैं। इसके अलावा कई ट्रेनों के चंडीगढ़ स्टेशन पर प्लेटफार्म भी बदल दिए जाएंगे।
रेलवे के अनुसार चंडीगढ़ स्टेशन पर रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) की ओर से चल रहे अपग्रेडेशन कार्य के लिए तीन चरणों में ब्लॉक रहेगा। 10 से 21 सितंबर, 22 सितंबर से तीन अक्टूबर और चार से 15 अक्टूबर तक 12-12 दिन के ब्लॉक में अलग-अलग लाइनों पर काम होगा।
इसमें लाइन नंबर छह, सात, आठ, चार, पांच, एक, दो और तीन पर टीएफसी-ओएचई ब्लॉक लेकर बैलेंस गर्डर की इरेक्शन/लांचिंग और मौजूदा एफओबी के गर्डर हटाने का काम किया जाएगा।
