चंडीगढ़ में बनेगी पहली ग्रीन मार्केट, 2500 पौधों से बदलेगी सूरत
चंडीगढ़ नगर निगम ने सेक्टर-40 मार्केट को शहर की पहली पूरी तरह ग्रीन मार्केट बनाने के लिए 2500 पौधे लगाने का अभियान शुरू किया है।
-1787429236324_m.webp)
चंडीगढ़ में बनेगी पहली ग्रीन मार्केट। फोटो जागरण
HighLights
सेक्टर-40 मार्केट को शहर की पहली ग्रीन मार्केट बनाया जा रहा है।
2500 पौधे लगाकर खाली स्थानों को हरित बेल्ट में बदला जाएगा।
यह पहल स्वच्छता, सुंदरता और पर्यावरण सुधार में सहायक होगी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-40 मार्केट को शहर की पहली पूरी तरह ग्रीन मार्केट के रूप में विकसित करने की दिशा में नगर निगम ने कदम बढ़ाया है। मार्केट में करीब 2500 पौधे लगाने के लिए बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान शुरू किया गया है। अभियान की शुरुआत नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर बलबीर राज सिंह और स्थानीय पार्षद गुरबख्श रावत ने की। इस दौरान स्थानीय निवासी और मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
मार्केट के प्रवेश द्वारों के आसपास लंबे समय से खाली पड़े स्थानों पर कचरा, मलबा और अन्य गंदगी जमा होने की समस्या रहती थी। अब इन स्थानों को साफ कर ग्रीन बेल्ट और लैंडस्केपिंग एरिया के रूप में विकसित किया जा रहा है। निगम की टीम ने खाली जगहों से मलबा हटाकर जमीन तैयार की और वहां ग्रीन बेड, घास और पौधे लगाए।
सुंदरता और पर्यावरण में भी सुधार
ज्वाइंट कमिश्नर बलबीर राज सिंह ने इस पहल को अनूठा और अभिनव प्रयास बताते हुए पार्षद गुरबख्श रावत की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाजारों में खाली और उपेक्षित स्थानों को हरित क्षेत्र में बदलने से न केवल स्वच्छता बेहतर होगी, बल्कि बाजार की सुंदरता और पर्यावरण में भी सुधार आएगा।
पार्षद गुरबख्श रावत ने कहा कि मार्केट के प्रवेश द्वारों के पास खाली जगहें अक्सर कचरा और मलबा डालने के स्थान में बदल जाती थीं। इन जगहों को साफ कर वहां घास और पौधे लगाने से मार्केट का पूरा माहौल बदलेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप भी है।
ग्रीन मार्केट अभियान से जुड़ने की अपील
हॉर्टिकल्चर के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर प्रतिपाल सिंह ने बताया कि इस पूरे अभियान पर निगम को कोई अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ रहा है। पौधे वन विभाग से प्राप्त पौधों और नगर निगम की नर्सरियों में तैयार पौधों से उपलब्ध कराए गए हैं। हॉर्टिकल्चर टीम ने अधिशासी अभियंता अश्वनी कुमार सहित अधिकारियों की निगरानी में मौके पर काम किया।
रावत ने कहा कि सेक्टर-40 के निवासी और व्यापारी लंबे समय से मार्केट को साफ, हरा-भरा और आकर्षक बनाने की मांग कर रहे थे। उन्होंने अन्य मार्केट एसोसिएशनों और आरडब्ल्यूए से भी ग्रीन मार्केट अभियान से जुड़ने की अपील की।
उन्होंने लोगों से अपने आसपास गंदे या बेकार पड़े स्थानों की पहचान कर उन्हें सफाई, लैंडस्केपिंग और पौधरोपण के माध्यम से हरा-भरा बनाने के लिए नगर निगम और स्थानीय पार्षदों के साथ मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निगम, मार्केट एसोसिएशन, आरडब्ल्यूए और शहरवासी मिलकर काम करें तो चंडीगढ़ को और स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर बनाया जा सकता है।
