पंजाब में बारिश से बदला मौसम, मार्च में फिर लौटी ठंड; आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
चंडीगढ़ में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है, जिससे मार्च में ठंडक लौट आई है। अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट ...और पढ़ें

कैप्शन: पंजाब में बारिश का ऑरेंज अलर्ट (जागरण)
HighLights
चंडीगढ़ में दो दिनों की बारिश से मार्च में ठंडक लौटी
अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई
शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट: बारिश और तेज हवाएं संभव
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहर में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। वीरवार सुबह से लगातार हुई बारिश के चलते ट्राईसिटी में ठंडक बढ़ गई और लोगों को मार्च के महीने में एक बार फिर हल्की सर्दी का अहसास हुआ। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया।
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश और ठंडी हवाओं के कारण शहर के अधिकतम तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वीरवार को अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री और न्यूनतम 14.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। खास बात यह रही कि दिन और रात के तापमान में केवल 6 डिग्री का अंतर रहा, जो सामान्य से कम है। पिछले 24 घंटों में शहर में 4.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए चंडीगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि आज भी शहर में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद हल्की गिरावट के बाद फिर बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। मौसम में अचानक आए बदलाव के चलते सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में लोगों को गर्म कपड़े पहनने और ठंडी चीजों से परहेज करने की सलाह दी गई है।
खबरें और भी
अगले तीन दिन: धीरे-धीरे साफ होगा मौसम
- शुक्रवार : बारिश और तेज हवाएं, तापमान 21 °डिग्री /14°डिग्री
- शनिवार : मौसम साफ रहने की संभावना, तापमान 23°डिग्री/13°डिग्री
- रविवार : आंशिक बादल, तापमान 25°डिग्री/14°डिग्री