चंडीगढ़-जीरकपुर बॉर्डर पर हंगामा, PRTC बस कर्मियों और टैक्सी चालक के बीच मारपीट, भीषण गर्मी में जाम में फंसे लोग
चंडीगढ़-जीरकपुर बॉर्डर पर सोमवार को पीआरटीसी बस चालक-परिचालक और टैक्सी चालक के बीच भीषण झगड़ा हुआ। इस घटना से नेशनल हाईवे पर जाम लग गया, जिससे भीषण गर ...और पढ़ें

चंडीगढ़-जीरकपुर बॉर्डर पर हंगामा करते चालक। लोग उन्हें समझाते हुए।
HighLights
पीआरटीसी बस चालक-टैक्सी चालक में चंडीगढ़ बॉर्डर पर झगड़ा।
झगड़े के कारण नेशनल हाईवे पर भीषण जाम लगा।
टैक्सी का शीशा तोड़ा, महिलाओं से अभद्र व्यवहार आरोप।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़-जीरकपुर बॉर्डर पर सोमवार पीआरटीसी बस के चालक और परिचालक का टैक्सी चालक के साथ झगड़ा हुआ। नेशनल हाईवे पर भीषण गर्मी में हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। इससे लोग जाम में फंसे रहे और गर्मी में परेशान होते रहे।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला। बताया जा रहा है कि बस चालक ने टैक्सी के आगे बस लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद बस चालक और परिचालक की टैक्सी चालक के साथ कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई।
दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज हुई। मामला इतना बढ़ गया कि टैक्सी का शीशा तोड़ दिया गया और चालक के साथ हाथापाई भी की गई। टैक्सी में मौजूद महिलाओं ने भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं।
घटना के दौरान सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। लोगों ने पंजाब सरकार, पुलिस प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।