Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'पार्टी रणनीति पर ही आगे बढ़ेंगे', हाईकमान के सख्त रुख पर बोले चन्नी; आज भूपेश बघेल से कर सकते हैं मुलाकात

    Updated: Thu, 09 Jul 2026 07:00 AM (IST)

    चन्नी ने कांग्रेस आलाकमान के सख्त रुख के बाद पार्टी की रणनीति पर आगे बढ़ने की बात कही है, हालांकि उन्होंने राहुल गांधी को अपना नेता बताया। ...और पढ़ें

    पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी। फाइल फोटो

    पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी। फाइल फोटो

    HighLights

    1. चन्नी ने पार्टी रणनीति पर चलने की बात कही।

    2. भूपेश बघेल ने वड़िंग के अध्यक्ष पद पर मुहर लगाई।

    3. असंतुष्ट नेताओं से मुलाकात कर सुलह का प्रयास।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पजाब कांग्रेस में बगावत को लेकर हाईकमान के सख्त रुख के बाद पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी कुछ नरम होते दिखाई दे रहे हैं। बुधवार शाम को उन्होंने कहा कि पार्टी की रणनीति पर ही आगे बढ़ा जाएगा। हालांकि साथ में उन्होंने यह भी कहा कि मेरे लीडर राहुल गांधी हैं और आगे भी वही रहेंगे। इससे पहले दिन में सांसद गुरजीत सिंह औजला उन्हें मनाने के लिए खरड़ में उनके घर पहुंचे थे।

    मंगलवार को कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार वेरका और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा भी उन्हें मनाने के लिए पहुचे थे। माना जा रहा है कि वीरवार को चन्नी की बघेल से मुलाकात हो सकती है। हालांकि यह मुलाकात पार्टी आफिस के बजाय कहीं और होगी। इससे पहले चन्नी सुबह अपने समर्थकों के साथ भी बैठक करेंगे।

    पंजाब कांग्रेस में कलह शांत करवाने के लिए प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल पांच दिन के चंडीगढ़ दौरे पर हैं। लगातार तीसरे दिन उन्होंने कांग्रेस भवन में सभी जिला प्रधानों और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर मंथन किया।

    वड़िंग ही रहेंगे प्रदेश अध्यक्ष

    इस दौरान बघेल ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ही रहेंगे और इस फैसले पर दोबारा विचार नहीं होगा। एक बार हाईकमान कोई फैसला ले लेता है तो वह लागू रहता है। यह कोई गुड्डे-गुड़िया का खेल नहीं है।

    खबरें और भी

    संवाद के जरिए मतभेद दूर किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि उनकी चन्नी और रंधावा से फोन पर बातचीत हुई है। दोनों शहर से बाहर हैं और लौटने पर उनसे संपर्क करेंगे। बघेल ने कहा कि अगर वे मेरे पास नहीं आना चाहते तो मैं उनके पास चला जाऊंगा।

    सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि उन्होंने चन्नी से आग्रह किया है कि असंतुष्ट नेताओं की शिकायतें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष रखें, ताकि उनका जल्द समाधान हो सके। औजला ने कहा कि हम कोशिश कर रहे हैं कि सभी नेता एक मंच पर आएं।

    राजकुमार वेरका ने भी पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस का पारिवारिक मामला बताया और कहा कि संवाद की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि कोई नेता अपनी बात सीधे राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे या केसी वेणुगोपाल के सामने रखना चाहता है तो उसकी मुलाकात करवाई जाएगी।

    असंतुष्ट नेताओं से मिलूंगा: वड़िंग

    प्रदेश प्रधान राजा वड़िंग ने बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों से आए नेताओं से मुलाकात के बाद कहा कि वह पार्टी के असंतुष्ट नेताओं से व्यक्तिगत रूप से मिलकर बात करेंगे। कोई नेता नाराज है तो उसे मनाने के लिए वह किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। जरूरत पड़ी तो उनके जूते भी सिर पर रख लूंगा। चन्नी के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनसे लगातार संपर्क है और जल्द ही सभी एक मंच पर दिखाई देंगे।

    वड़िंग की जगह मैं होती तो इस्तीफा दे देती: पूर्व विधायक बराड़

    श्री मुक्तसर साहिब : कांग्रेस में चल रही बगावत के बीच पूर्व विधायक करण कौर बराड़ ने कहा कि राजा वड़िंग के नेतृत्व में पंजाब कांग्रेस पूरी तरह बिखर गई है। उनकी वजह से कलेश बढ़ा है। अगर मैं उनकी जगह होती तो इन हालातों में पद से इस्तीफा दे देती।

    बराड़ ने कहा कि वड़िंग अपने हलके गिद्दड़बाहा से अपनी पत्नी को उपचुनाव नहीं जिता सके। निकाय और पंचायत चुनाव में भी सफलता नहीं मिली। सभी जानते हैं कि इस समय लोगों की पसंद चन्नी हैं। सभी नेता भी उनके साथ हैं।