Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नाके पर हंगामा करने वाले हुड़दंगियों को मिली 'मटका चौक' पर तख्ती पकड़कर खड़े होने की सजा, चंडीगढ़ कोर्ट का अनोखा फैसला

    Updated: Wed, 08 Jul 2026 01:23 PM (IST)

    चंडीगढ़ में शराब के नशे में पुलिस नाके पर हंगामा करने वाले दो युवकों को अदालत ने 'डॉन्ट ड्रिंक एंड ड्राइव' का संदेश देने की सजा सुनाई है। ...और पढ़ें

    जिला अदालत ने दो आरोपितों को सुनाई थी यह सजा (फोटो: जागरण)

    जिला अदालत ने दो आरोपितों को सुनाई थी यह सजा (फोटो: जागरण)

    जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शराब के नशे में पुलिस नाके पर हंगामा करने वाले दो युवक अब चौराहे पर खड़े होकर लोगों को शराब पीकर गाड़ी न चलाने का संदेश दे रहे हैं। जिला अदालत ने समराला, लुधियाना के रहने वाले दाे युवकों लवजोत सिंह (27) और गगनप्रीत सिंह (27) को ट्रैफिक पुलिस के साथ खड़े होकर लोगों को जागरूक करने की सजा सुनाई है।

    आरोप है कि इन दोनों ने रविवार देर रात शराब के नशे में सेक्टर-34/35 डिवाइडिंग रोड पर लगे नाके पर पुलिस के साथ बहस और बदसलूकी की। आरोपितों ने यहां काफी देर तक हंगामा किया था।

    जिसके बाद पुलिस ने इनकी फार्च्यूनर गाड़ी जब्त कर ली थी। मौके पर पुलिस कंट्रोल रूम(पीसीआर) की गाड़ी भी पहुंची। आरोपितों ने पीसीआर स्टाफ के साथ भी काफी बहस की। जिसके बाद इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

    अगले दिन दोनों युवकों को चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया, जहां जज ने इन्हें खूब झाड़ लगाई। अदालत ने इन पर 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया और इनका लाइसेंस तीन महीने तक सस्पेंड कर दिया।

    इसके अलावा अदालत ने इन दोनों को चार दिनों तक रोजाना सेक्टर-16 के मटका चौक पर खड़े होकर हाथों में तख्ती लेकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। ट्रैफिक पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर इन दोनों को बुधवार से ड्यूटी दे दी। दोनों आरोपित सुबह 11 बजे मटका चौक पर खड़े हो गए। इनके हाथाें में तख्ती थी जिस पर लिखा था 'डान्ट ड्रिंक एंड ड्राइव'।