भज्जी का पोस्ट किया नशेड़ियों का वीडियो राजस्थान का निकला, AAP ने लगाया पंजाब को बदनाम करने का आरोप
आम आदमी पार्टी ने हरभजन सिंह भज्जी समेत सेलिब्रिटीज पर राजस्थान के वीडियो को पंजाब का बताकर बदनाम करने का आरोप लगाया है।
-1786508083900_m.webp)
भज्जी का पोस्ट किया नशेड़ियों का वीडियो राजस्थान का निकला (फाइल फोटो)
HighLights
AAP ने सेलिब्रिटीज पर पंजाब को बदनाम करने का आरोप लगाया।
राजस्थान के वीडियो को पंजाब का बताकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया गया।
राज्य में नशे के खिलाफ 'युद्ध नशेआं विरुद्ध' अभियान जारी है।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पूर्व क्रिकेटर एवं राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह भज्जी समेत कुछ सेलिब्रिटीज इंटरनेट मीडिया के जरिये पंजाब को बदनाम करने का आरोप लगाया है। राजस्थान के एक वीडियो को पंजाब का बताकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने आरोप लगाया कि सिर्फ लाइक और व्यू हासिल करने के लिए बिना तथ्यों की जांच किए ऐसे वीडियो साझा किए जा रहे हैं।
पन्नू ने कहा कि हरभजन सिंह भज्जी और सोनू सूद जैसे सेलिब्रिटीज द्वारा साझा किए गए वीडियो पंजाब के नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर पंजाब, पंजाब पुलिस और राज्य सरकार को निशाना बनाने के लिए एक अभियान चलाया जा रहा है।
ड्रग्स विश्वव्यापी चुनौती
ड्रग्स केवल पंजाब की समस्या नहीं है, बल्कि यह विश्वव्यापी चुनौती है। उन्होंने सवाल किया कि गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद होने की खबरों के समय यही नेता और सेलिब्रिटी क्यों चुप रहे।
'युद्ध नशेआं विरुद्ध' अभियान के तहत ड्रग्स के खिलाफ जमीनी स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। जिला, विधानसभा, शहर और गांव स्तर पर विलेज डिफेंस कमेटियों के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ा गया है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाए गए हैं और आम लोगों को सीधे पुलिस व सरकार तक सूचना पहुंचाने की सुविधा भी दी गई है। पंजाब पुलिस की कार्रवाई के आंकड़े जारी करते हुए कहा कि एक मार्च 2025 से नौ अगस्त 2026 तक 56,267 मामले दर्ज किए गए और 75,552 आरोपितों को नामजद किया गया।
इस दौरान 3,575 किलोग्राम हेरोइन, 509 किलोग्राम स्मैक, 880 किलोग्राम अफीम, 43,271 किलोग्राम पोस्ता (डोडे) और 95 किलोग्राम से अधिक चरस बरामद की गई। 21 करोड़ 71 लाख 267 रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की गई।
भज्जी से पूछा, खिलाड़ियों को मैदान तक लाने में क्या योगदान दिया
पन्नू ने आरोप लगाया कि पंजाब में ड्रग्स की समस्या 2007 से 2017 के बीच अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल में बढ़ी। उन्होंने कहा कि मान सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए गांवों में खेल मैदान तैयार कर रही है। पन्नू ने हरभजन सिंह भज्जी से सवाल किया कि खिलाड़ी रहते हुए उन्होंने पंजाब के बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए क्या योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि पंजाब के युवा अब खेलों में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और भारतीय हॉकी टीम के कई खिलाड़ी पंजाब से हैं। उन्होंने पंजाब पुलिस, ग्रामीणों और विलेज डिफेंस कमेटियों से जुड़े लोगों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
