विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली गमाडा ऑफिस में ईडी का छापा, रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच; अधिकारियों से पूछताछ

Published: Tue, 22 Sep 2026 01:00 PM (IST)

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने मोहाली स्थित गमाडा कार्यालय पर छापा मारा, जहां दस्तावेजों और संबंधित रिकॉर्ड की जांच की गई और अधिकारियों से पूछताछ हुई।

HighLights

  1. अधिकारियों के मोबाइल फोन कब्जे में लिए।

  2. कार्रवाई के दौरान कार्यालय की तीन मंजिलें सील।

  3. अधिकारियों और कर्मचारियों में रही हलचल।

जागरण संवाददाता, मोहाली। मोहाली स्थित ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) के कार्यालय में मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पहुंची। कार्रवाई के दौरान कार्यालय की तीन मंजिलों को सील किया गया। वहां किसी को आने नहीं दिया। 

वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल फोन भी ईडी की टीम के कब्जे में रहे। सूत्रों के अनुसार एस्टेट ऑफिसर, अतिरिक्त मुख्य प्रशासक और चीफ इंजीनियर समेत वरिष्ठ अधिकारियों को हाउसिंग सचिव के कमरे में बुलाकर पूछताछ की।

इस कार्रवाई को जमीन अधिग्रहण, चेंज ऑफ लैंड यूज (सीएलयू), निजी बिल्डरों को लाभ और संपत्तियों की नीलामी से जुड़े मामलों से जोड़कर देखा जा रहा। टीम ने रेमिगेट मामले से जुड़े दस्तावेजों के साथ निजी बिल्डरों को नियमों के विपरीत दिए गए सीएलयू मामलों से संबंधित रिकॉर्ड भी कब्जे में लिया। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में भी हलचल रही।

यह भी पढ़ें- पंजाब में ईडी कार्रवाई पर भड़के केजरीवाल, बोले- मोदी सरकार कर रही दबाव की राजनीति

पहले से जांच के घेरे में अधिकारी

सीएलयू से जुड़े मामलों में ईडी की जांच पहले से चल रही है और इसमें पंजाब के कई वरिष्ठ आईएएस व पीसीएस अधिकारियों से पूछताछ की बात सामने आ चुकी है। ऐसे में गमाडा कार्यालय में हुई कार्रवाई को जांच के महत्वपूर्ण विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।

जांच एजेंसी यह देख रही है कि जमीन और विकास से जुड़े फैसलों में नियमों का पालन हुआ था या नहीं और किन लोगों को इससे लाभ मिला। हालांकि, किसी अधिकारी को आरोपित ठहराने या कार्रवाई को किसी व्यक्ति विशेष से जोड़ने की स्थिति अभी नहीं बनी है।

पंजाब में कुछ अन्य स्थानों पर भी ईडी की कार्रवाई की सूचना है। इन कार्रवाई का गमाडा की कार्रवाई से सीधा संबंध है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।