विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौमी इंसाफ मोर्चा के प्रदर्शन के बाद चंडीगढ़ में 4 FIR, पूर्व MP सिमरनजीत मान का भी नाम; 21 गिरफ्तार और चार तलवार बरामद

Updated: Sun, 16 Aug 2026 11:40 PM (IST)

चंडीगढ़ में 15 अगस्त को कौमी इंसाफ मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने के आरोप में पुलिस ने चार एफआईआर दर्ज की हैं।

पूर्व MP सिमरनजीत मान के खिलाफ एफआईआर। फाइल फोटो

पूर्व MP सिमरनजीत मान के खिलाफ एफआईआर। फाइल फोटो

HighLights

  1. 15 अगस्त को चंडीगढ़ में कौमी इंसाफ मोर्चा का प्रदर्शन।

  2. पुलिस ने चार एफआईआर दर्ज कीं, 21 लोग गिरफ्तार।

  3. पूर्व सांसद सिमरनजीत मान का नाम, हथियार भी बरामद।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। कौमी इंसाफ मोर्चा और अन्य संगठनों की ओर से 15 अगस्त को चंडीगढ़ में किए गए प्रदर्शन और मार्च के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित होने के मामले में पुलिस ने अलग-अलग थानों में चार एफआइआर दर्ज की हैं।

इनमें पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान का नाम भी शामिल है। पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर बैरिकेड पार करने और चंडीगढ़ में प्रवेश करने का प्रयास किया। पुलिस ने कई जगहों पर तलवार, कुल्हाड़ी और अन्य हथियार भी बरामद किए हैं। इन मामलों में अब तक कुल 21 लोगों की गिरफ्तारी की गई है।

पंजाब लोक भवन के पास आठ गिरफ्तार

सेक्टर 3 थाना पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में ईमान सिंह मान, रछपाल सिंह, संत बाबा चरनजीत सिंह, जतिंदर सिंह, जसवीर सिंह, गुरपंत सिंह, मंदीप कौर और राजिंदर कौर शामिल हैं।

पुलिस स्टेशन सेक्टर-36 में भी बीएनएस की कई धाराओं के अलावा आर्म्स एक्ट और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से संबंधित कानून की धाराएं लगाई गई हैं।

इस मामले में पुलिस ने बापू गुरचरण सिंह, गुरदीप बठिंडा, सुखजिंदर सिंह खोसा, सुख गिल मोगा, पाल सिंह फ्रांस, बाबा राजा राज सिंह, गुरविंदर सिंह भंगू, सुरजीत फूल, भाना सिद्धू, बलजीत सिंह खालसा, लखा सिधाना, अमितोज मान, नवदीप जलबेरा समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

हीरा सिंह चौक पर पुलिस ड्यूटी में बाधा डालने का आरोप

सेक्टर 3 थाने में भी एक एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों का उल्लंघन किया गया और कानून-व्यवस्था ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डाली गई।

इस मामले में चार लोगों सिमरनजीत सिंह मान, दीपिंदर प्रताप सिंह, गोपाल सिंह और गुरप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

दो वाहनों से चार तलवारें बरामद

पुलिस स्टेशन सेक्टर-26 में दो वाहनों की जांच की गई। दोनों वाहनों में नौ लोग सवार थे। तलाशी के दौरान चार तलवारें बरामद हुईं। पुलिस ने दोनों वाहनों और बरामद हथियारों को कब्जे में ले लिया है।

इस मामले में गिरफ्तार नौ लोगों की पहचान तरुण जैन, हरकीरत सिंह, फतेह सिंह, गुरशंत सिंह, जसप्रीत सिंह, हरजीत सिंह, अमनदीप सिंह, अवतार सिंह और संदीप कुमार के रूप में हुई है।