विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न्यू चंडीगढ़ का बढ़ेगा दायरा, ईको सिटी-4 के लिए चार गांवों की जमीन होगी एक्वायर; 12 नवंबर को सुनवाई

Published: Mon, 26 Oct 2026 02:26 PM (IST)

गमाडा ने न्यू चंडीगढ़ में ईको सिटी-4 परियोजना के लिए 517.72 एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है। ...और पढ़ें

मोहाली के न्यू चंडीगढ़ का दायरा बढ़ेगा। (सांकेतिक फोटो)

मोहाली के न्यू चंडीगढ़ का दायरा बढ़ेगा। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. गमाडा ने भूमि अधिग्रहण के लिए प्रक्रिया तेज की।

  2. करतारपुर में होगी सुनवाई, जमीन मालिकों को मौका।

  3. करतारपुर, बुथगढ़, राजगढ़, कंसाला की जमीन।

अखिल वोहरा, मोहाली। मोहाली के न्यू चंडीगढ़ का दायरा बढ़ाने की दिशा में ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) की ओर से जमीन अधिग्रहण से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। ईको सिटी-4 परियोजना के लिए चार गांवों की 517.72 एकड़ जमीन से संबंधित मामलों की सुनवाई का शेड्यूल जारी कर दिया गया है।

इसके तहत 12 नवंबर को दोपहर 12 बजे गांव करतारपुर में सुनवाई होगी। इस प्रक्रिया के आगे बढ़ने से न्यू चंडीगढ़ क्षेत्र में प्रस्तावित विकास योजनाओं को लेकर गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं।

जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, प्रस्तावित जमीन अधिग्रहण में गांव करतारपुर की 169.6750 एकड़, बुथगढ़ की 154.9167 एकड़, राजगढ़ की 10.1813 एकड़ और कंसाला की 182.9563 एकड़ जमीन शामिल है। 

जमीन मालिकों को अपना पक्ष रखने का मिलेगा मौका

गमाडा की ओर से यह कार्रवाई भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और पुनर्स्थापन में उचित मुआवजा एवं पारदर्शिता के अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 16(5) के तहत की जा रही है। सुनवाई की प्रक्रिया में संबंधित जमीन मालिकों और अन्य हितधारकों को अपनी आपत्तियां, दावे और पक्ष रखने का अवसर मिलेगा।

जमीन अधिग्रहण से प्रभावित लोगों के लिए यह चरण महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस दौरान वे अपनी जमीन से जुड़े तथ्यों और दावों को संबंधित अधिकारी के सामने रख सकते हैं।

न्यू चंडीगढ़ के विस्तार से जुड़ी है परियोजना

न्यू चंडीगढ़ में नियोजित विकास के तहत ईको सिटी-4 परियोजना को लेकर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ना क्षेत्र के विस्तार की योजना से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना के विकास से भविष्य में आवासीय और अन्य नियोजित सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं बन सकती हैं।

बता दें न्यू चंडीगढ़ में ईको सिटी 1, ईको सिटी 2 पहले ही विकसित की जा चुकी है और अब अगले कुछ महीनों में गमाडा द्वारा ईको सिटी 2 एक्सटेंशन और ईको सिटी 3 योजनाएं भी जल्द लॉन्च करने की तैयारी है। ईको सिटी 2 एक्सटेंशन के तहत सभी औपचारिकता पूरी की जा चुकी हैं तो ईको सिटी 3 योजना के तहत गमाडा के पास अभी रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) की अप्रूवल आना बाकी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।