Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चंडीगढ़ में लौटेगा इंटरनेशनल क्रिकेट, 18 साल बाद सेक्टर-16 स्टेडियम में IPL और अंतरराष्ट्रीय मैच कराने की तैयारी

    Updated: Mon, 01 Jun 2026 09:05 AM (IST)

    चंडीगढ़ प्रशासन सेक्टर-16 स्टेडियम में 18 साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल मैच वापस लाने की तैयारी में है। ...और पढ़ें

    18 साल बाद सेक्टर-16 स्टेडियम में लौट सकती है अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की रौनक (फाइल फोटो)

    18 साल बाद सेक्टर-16 स्टेडियम में लौट सकती है अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की रौनक (फाइल फोटो)

    HighLights

    1. चंडीगढ़ प्रशासन सेक्टर-16 स्टेडियम में क्रिकेट वापसी की तैयारी में।

    2. पुलिस से सुरक्षा, यातायात प्रबंधन पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई।

    3. 18 साल बाद अंतरराष्ट्रीय मैच, आईपीएल मेजबानी की उम्मीद।

    जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहर के ऐतिहासिक सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल मुकाबलों की वापसी की उम्मीद जगी है। चंडीगढ़ प्रशासन ने स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए पुलिस विभाग से सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट के आधार पर स्टेडियम के व्यापक उन्नयन और उस पर होने वाले खर्च का खाका तैयार किया जाएगा।

    प्रशासन के खेल विभाग ने एसएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) और एसएसपी (ट्रैफिक एंड सिक्योरिटी) को पत्र लिखकर पूछा है कि सेक्टर-16 स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच और आईपीएल मुकाबले आयोजित करने की व्यवहारिकता क्या है।

    विभाग का उद्देश्य स्टेडियम को ऐसे स्तर तक विकसित करना है कि यहां बड़े क्रिकेट आयोजन कराए जा सकें। गौरतलब है कि सेक्टर-16 स्टेडियम में आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच अक्टूबर 2007 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था। इसके बाद से यहां कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं हुआ। वहीं, आईपीएल का एक भी मैच इस मैदान पर अब तक आयोजित नहीं किया गया है।

    स्टेडियम का निर्माण 1970 के दशक में हुआ था और यह कभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का प्रमुख केंद्र माना जाता था। वर्ष 1985 में यहां पहला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया था, जबकि 1990 में भारत और श्रीलंका के बीच यहां एकमात्र टेस्ट मैच आयोजित हुआ था।

    पिछले वर्ष चंडीगढ़ प्रशासन ने करीब 40 लाख रुपये की लागत से मैदान और पिच का नवीनीकरण कराया था। इंजीनियरिंग विभाग ने नई घास बिछाने के साथ जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पिच और मैदान की लेवलिंग भी की थी।

    खबरें और भी

    इसके बावजूद अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल स्तर के मुकाबलों के लिए स्टेडियम में दर्शक सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य बुनियादी ढांचे में बड़े स्तर पर सुधार की जरूरत बताई जा रही है।

    प्रशासन ने इस संबंध में बीसीसीआई और मुल्लांपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के विशेषज्ञों से भी सलाह ली है। यदि सभी पहलुओं पर सकारात्मक रिपोर्ट मिलती है तो चंडीगढ़ का यह ऐतिहासिक मैदान एक बार फिर बड़े क्रिकेट मुकाबलों का गवाह बन सकता है।