विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

VIDEO: मोहाली में जनेतपुर अंडरपास बना 'मौत का जाल', बारिश में डूबी कई गाड़ियां; ग्रामीणों से ट्रैक्टर से की मदद

Published: Sat, 05 Sep 2026 11:19 AM (IST)

डेराबस्सी का जनेतपुर अंडरपास बारिश में जलमग्न हो गया, जिससे कई वाहन फंस गए और ग्रामीणों को ट्रैक्टरों से मदद करनी पड़ी।

HighLights

  1. जनेतपुर अंडरपास में बारिश से जलभराव, वाहन फंसे।

  2. ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों से फंसे वाहनों को निकाला बाहर।

  3. स्थायी समाधान और सुरक्षा उपायों की मांग की गई।

जागरण संवाददाता, डेराबस्सी। जनेतपुर अंडरपास में बारिश का पानी भरना अब वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। शुक्रवार को बारिश के बाद अंडरपास में कई फीट पानी जमा हो गया, जिससे कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए।

पानी बढ़ने के कारण वाहनों में सवार लोगों की जान पर बन आई। प्रशासनिक मदद पहुंचने से पहले पूर्व सरपंच बलवीर सिंह बल्ला समेत ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे और फंसी गाड़ियों को बाहर निकाला।

ग्रामीणों के अनुसार, अंडरपास में जलभराव हर बारिश के दौरान होता है, लेकिन इसके बावजूद स्थायी जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई। पानी भरने के बाद दोनों तरफ समय पर बैरिकेड नहीं लगाए जाते।

चेतावनी बोर्ड नहीं होने के कारण वाहन चालक पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाते और अंडरपास में प्रवेश कर जाते हैं। बीच में वाहन बंद होने के बाद लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

पूर्व सरपंच बलवीर सिंह बल्ला ने बताया कि बारिश होते ही ग्रामीणों को अपने ट्रैक्टर लेकर अंडरपास पहुंचना पड़ता है। शुक्रवार को भी कई गाड़ियां पानी में फंस गई थीं।

ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों की मदद से उन्हें बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि यदि समय पर ग्रामीण मदद के लिए नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

बल्ला ने कहा कि पहले भी अंडरपास में पानी भरने के कारण एक किसान की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कितनी जानें जाने के बाद अधिकारी जागेंगे।

यहां दो-तीन मौतें पहले भी हो चुकी हैं और इसके विरोध में लोगों ने ट्रैफिक भी लगाया था। बारिश के मौसम में हालात फिर से वैसे ही बन गए है। अंडरपास में तीन से चार फीट तक पानी भर जाता है।

ग्रामीणों ने की कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने की मांग

ग्रामीणों ने मांग की है कि बारिश के दौरान अंडरपास पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। दोनों ओर तत्काल बैरिकेड लगाने के साथ बड़े चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही पानी निकालने के लिए स्थायी पंपिंग और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि हर बारिश में लोगों की जान खतरे में न पड़े।