कबड्डी खिलाड़ी बलाचौरिया हत्याकांड में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता; मुख्य शूटर गिरफ्तार, त्रिपुरा में छिपा था
कबड्डी खिलाड़ी और प्रमोटर राणा बलाचौरिया हत्याकांड में मुख्य शूटर आदित्य उर्फ मक्कन को पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने त्रिपुरा के अगरतला ...और पढ़ें

बलाचौरिया हत्याकांड के मुख्य शूटर को पकड़ कर ले जाती एजीटीएफ की टीम।
HighLights
15 दिसंबर को मोहाली के गांव सोहाना में हुई थी हत्या।
आदित्य उर्फ मक्कन त्रिपुरा के अगरतला से पकड़ा गया।
केंद्रीय एजेंसियों और त्रिपुरा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में गिरफ्तारी।
जागरण संवाददाता, मोहाली। कबड्डी खिलाड़ी एवं प्रमोटर राणा बलाचौरिया हत्याकांड में पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने मुख्य शूटर आदित्य उर्फ मक्कन को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपित को केंद्रीय एजेंसियों और त्रिपुरा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान के तहत त्रिपुरा के अगरतला से पकड़ा गया। वारदात के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा था।
15 दिसंबर 2025 को मोहाली के गांव सोहाना में कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
जांच के दौरान सामने आया कि हत्या को एक सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दिया गया था, जिसके पीछे विदेश में बैठे हैंडलरों की भूमिका सामने आई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आदित्य उर्फ मक्कन इस हत्याकांड में बतौर मुख्य शूटर शामिल था।
इस मामले में शामिल अन्य आरोपितों को एजीटीएफ पहले ही कोलकाता से गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि आदित्य लगातार फरार था। तकनीकी इनपुट और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर अगरतला से उसे गिरफ्तार किया।
फिलहाल आरोपित से पूछताछ जारी है। पुलिस उसके नेटवर्क, संपर्कों और इस हत्याकांड से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।