करण औजला कंसर्ट के कारण मोहाली में ट्रैफिक जाम से लोग बेहाल, मरीजों को भी हुई दिक्कत
मोहाली में पंजाबी गायक करण औजला के कंसर्ट ने हजारों लोगों का मनोरंजन किया, लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। फेज-9 स्थित स्टेडियम के आसपास मार्ग डायवर् ...और पढ़ें

कैप्शन: स्टेडियम के आसपास लगी लोगों की भीड़ (जागरण)
HighLights
कंसर्ट के कारण मोहाली में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराई
फोर्टिस अस्पताल के पास बैरिकेडिंग से मरीजों को परेशानी
पुलिस की देर से जारी एडवाइजरी पर लोगों ने जताई नाराजगी
जागरण संवाददाता, मोहाली। फेज-9 स्थित आइएस बिंद्रा क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को आयोजित पंजाबी गायक करण औजला के कंसर्ट ने जहां हजारों लोगों का मनोरंजन किया, वहीं लोगों के लिए यह दिन मुश्किलों भरा साबित हुआ। कंसर्ट के कारण पुलिस ने स्टेडियम के आसपास कई प्रमुख मार्गों को डायवर्ट कर दिया, जिससे फेज-7 से फेज-11 और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ गई।
लंबा जाम लगने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा, जबकि अस्पताल आने-जाने वालों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। कंसर्ट को देखते हुए मोहाली पुलिस ने स्टेडियम के आसपास सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए कई मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया।
इसके कारण फेज-7 से फेज-11 के बीच यात्रा करने वाले वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाकर वैकल्पिक रास्तों से गुजरना पड़ा। दोपहर के बाद से ही इन मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं और कई जगहों पर ट्रैफिक पूरी तरह धीमा पड़ गया।
ट्रैफिक दबाव बढ़ने से आसपास की सड़कों पर भी जाम की स्थिति बन गई। रोजाना आने-जाने वाले लोगों का कहना था कि अचानक किए गए डायवर्जन के कारण उन्हें काफी असुविधा हुई। कई लोगों को कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में भी सामान्य से कहीं ज्यादा समय लग गया।
खबरें और भी
फोर्टिज अस्पताल के पास बैरिकेडिंग
इस दौरान फेज-9 स्थित फोर्टिज अस्पताल के पास भी पुलिस ने बैरिकेडिंग किया गया। इसके कारण अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
कई मरीज एंबुलेंस और निजी वाहनों से अस्पताल पहुंच रहे थे, लेकिन रास्ता बंद होने के कारण उन्हें दूसरे मार्गों से जाना पड़ा। इससे कुछ मामलों में इलाज तक पहुंचने में देरी की स्थिति भी बनती नजर आई।
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की थी
हालांकि मोहाली पुलिस ने कंसर्ट को ध्यान में रखते हुए शनिवार सुबह ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की थी, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के बड़े आयोजन की सूचना पहले से होने के बावजूद एडवाइजरी समय रहते जारी नहीं की गई। अगर एक दिन पहले ही वैकल्पिक मार्गों की जानकारी दी जाती, तो लोग अपने सफर की योजना उसी हिसाब से बना सकते थे और ट्रैफिक जाम से काफी हद तक बचा जा सकता था।
3500 से ज्यादा पुलिसकर्मी रहे तैनात
कंसर्ट को लेकर मोहाली पुलिस सहित अन्य स्थानों से करीब 3500 जवान और अधिकारियों को सुरक्षा और ट्रैफिक को सुचारु चलाने के लिए लगाया गया था। पुलिस की ओर से स्टेडियम की ओर आने वाले रास्तों पर कई जगह ट्रैफिक नाके लगाए गए है ताकि किसी प्रकार की कोई दिक्कत लोगों को न हो।