लुधियाना कोर्ट ब्लास्ट केस में आज अहम सुनवाई, जेल में बंद दिलबाग सिंह की मेडिकल रिपोर्ट सौंपी जाएगी
लुधियाना कोर्ट ब्लास्ट मामले में आज मोहाली की विशेष एनआईए अदालत में अहम सुनवाई होगी। एनआईए गवाह और साक्ष्य पेश ...और पढ़ें

एनआईए की ओर से गवाह और अहम साक्ष्य अदालत में पेश किए जाएंगे। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
मोहाली स्थित विशेष एनआईए अदालत में होगी सुनवाई।
अमृतसर जेल में बंद है आरोपित दिलबाग सिंह।
पंजाब पुलिस के सब-इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह की होगी पेशी।
जागरण संवाददाता, मोहाली। लुधियाना जिला अदालत परिसर में दिसंबर 2021 में हुए बम विस्फोट मामले में सोमवार को मोहाली स्थित विशेष एनआईए अदालत में महत्वपूर्ण सुनवाई होगी।
एनआईए की ओर से मामले से जुड़े गवाह और अहम साक्ष्य अदालत में पेश किए जाएंगे। अमृतसर जेल में बंद आरोपित दिलबाग सिंह की मेडिकल रिपोर्ट भी जेल प्रशासन अदालत में सौंपेगा।
पिछली सुनवाई में पेश नहीं होने पर पंजाब पुलिस के सब-इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। वहीं गवाह बलजीत सिंह को 2,000 रुपये के मुचलके के साथ समन जारी हुआ था। दोनों की सोमवार को पेशी होनी है।
23 दिसंबर 2021 को हुआ था धमाका
लुधियाना जिला अदालत परिसर में 23 दिसंबर 2021 को कोर्ट रूम नंबर 14 के पास शौचालय में धमाका हुआ था। इसमें एक व्यक्ति की मौत और 6 लोग घायल हुए थे। मृतक की पहचान पंजाब पुलिस के बर्खास्त हेड काॅन्स्टेबल गगनदीप सिंह के रूप में हुई थी।
एनआईए की जांच में सामने आया था कि गगनदीप सिंह आईईडी लेकर अदालत परिसर पहुंचा था। जांच में मामले के तार आतंकी नेटवर्क और पाकिस्तान स्थित नेटवर्क से जुड़ने की बात सामने आई थी। एजेंसी के अनुसार आईईडी पंजाब पहुंचाने के बाद स्थानीय आरोपितों की मदद से उसे अदालत परिसर तक पहुंचाया गया था।
