महेंद्र पांडे बने चंडीगढ़ बीजेपी के नए प्रभारी, नगर निगम चुनाव से पहले संगठन में बदलाव
भारतीय जनता पार्टी ने महेंद्र पांडे को चंडीगढ़ का नया प्रभारी नियुक्त किया है, जो पहले अतुल गर्ग के पास यह जिम्मेदारी थी।

महेंद्र पांडे बने चंडीगढ़ बीजेपी के नए प्रभारी (फाइल फोटो)
HighLights
महेंद्र पांडे चंडीगढ़ भाजपा के नए प्रभारी नियुक्त
दिसंबर में होने वाले नगर निगम चुनाव से पहले बदलाव
संगठन को मजबूत करने और चुनाव रणनीति बनाने की जिम्मेदारी
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रभारियों व सह प्रभारियों की नियुक्ति की सूची जारी की।
इसमें चंडीगढ़ भाजपा के प्रभारी को भी बदल दिया गया है। अब महेंद्र पांडे को चंडीगढ़ का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी गाजियाबाद से सांसद अतुल गर्ग के पास थी।
महेंद्र पांडे को चंडीगढ़ का प्रभार ऐसे समय में सौंपा गया है, जब नगर निगम चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। दिसंबर में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव को देखते हुए नई नियुक्ति को संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए प्रभारी के सामने संगठन को चुनाव के लिए तैयार करने से लेकर वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ समन्वय की जिम्मेदारी रहेगी।
चुनाव में महत्वपूर्ण होगी प्रभारी की भूमिका
भाजपा में प्रभारी की भूमिका चुनावी तैयारियों में महत्वपूर्ण होती है। प्रत्याशियों के चयन, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, स्थानीय नेताओं के बीच समन्वय और चुनावी रणनीति तैयार करने में प्रभारी की भूमिका रहती है। ऐसे में नगर निगम चुनाव से कुछ महीने पहले चंडीगढ़ के प्रभारी में बदलाव के बाद पार्टी के भीतर इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
महेंद्र पांडे आने वाले दिनों में चंडीगढ़ का दौरा कर सकते हैं। इस दौरान वह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और नेताओं के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति की जानकारी लेंगे। वार्ड स्तर पर पार्टी की तैयारियों, संभावित प्रत्याशियों और चुनावी मुद्दों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।
संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं अतुल गर्ग
चंडीगढ़ भाजपा में इससे पहले अतुल गर्ग प्रभारी के तौर पर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। मई 2026 में भी वह चंडीगढ़ में पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुके थे।
भाजपा के राष्ट्रीय स्तर पर भी हाल में संगठन में बदलाव हुए हैं। अगस्त में जारी राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी। अब उन्हें चंडीगढ़ का प्रभारी बनाए जाने से उनकी संगठनात्मक जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं।
